Gurugram News: अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस का रोष बढ़ता जा रहा है। गुड़गांव में भाजपा के गुरुकमल कार्यालय के बाहर सुंदरकांड पाठ करने के ऐलान के बाद भारी बवाल हुआ। जिलाधीश द्वारा कार्यालय के 300 मीटर दायरे में धारा 163 लागू करने के बावजूद कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां जुट गए।
पुलिस के मना करने के बाद भी कांग्रेसी नेता जबरन पाठ करने पर अड़ गए, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने मौके से दो दर्जन से ज्यादा कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। इनमें शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव और उपाध्यक्ष सीमा हुडा समेत कई पदाधिकारी शामिल हैं।
बिना अनुमति सुंदरकांड पाठ करने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने देर रात ही कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्षों को नोटिस जारी कर पाठ करने की अनुमति दिखाने को कहा था। अनुमति न होने पर वहां कार्यक्रम न करने की हिदायत दी गई थी। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। सुबह जिलाधीश उत्तम सिंह ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी।
प्रशासनिक आदेश के बाद गुरुकमल कार्यालय को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सुबह करीब 11 बजे से ही कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर जुटने शुरू हो गए। पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर वापस जाने को कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और सड़क पर बैठकर पाठ शुरू कर दिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस लाइन में किया पाठ
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जिलाधीश के आदेशों का हवाला दिया, लेकिन कांग्रेसी सड़क पर डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई, जहां कार्यकर्ताओं ने परिसर में ही अपना पाठ पूरा किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक नया मोड़ तब आया जब कांग्रेस के ऐलान के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने विपक्षी नेताओं को एक न्यौता दिया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेसी कार्यालय के बाहर सड़क पर सुंदरकांड का पाठ करने के बजाय दफ्तर के अंदर आएं और आराम से बैठकर पाठ करें।

