Amarnath Yatra: कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हुई पवित्र अमरनाथ यात्रा, जम्मू से रवाना हुआ श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था

Jammu Kashmir News: दक्षिण कश्मीर के हिमालय में स्थित पवित्र गुफा मंदिर के लिए वार्षिक श्री अमरनाथ तीर्थयात्रा आज से शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं के पहले जत्थे बालटाल और नुनवान बेस कैंप से पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए। इस बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू से कश्मीर के लिए श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था भी निकल चुका है।

- Advertisement -

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ घाटी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके बावजूद पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और छोटे 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग दोनों से यात्रा सुबह तड़के ही शुरू कर दी गई। खराब मौसम के बाद भी श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं ने दोनों बेस कैंपों से संबंधित जिला उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों की हरी झंडी मिलने के बाद आगे का सफर शुरू किया। पुरुषों, महिलाओं और साधुओं सहित सभी यात्रियों ने बम बम भोले के जयकारों के साथ 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की ओर अपनी पैदल यात्रा की शुरुआत की।

जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था सुरक्षा घेरे में दो अलग-अलग काफिलों में रवाना हुआ। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बालटाल रूट के लिए 1,735 श्रद्धालु सुबह 3:13 बजे रवाना हुए। वहीं पहलगाम रूट की ओर जाने वाले 2,130 श्रद्धालु सुबह 3:38 बजे अपनी मंजिल के लिए निकले।

- Advertisement -

इस दूसरे जत्थे में कुल श्रद्धालुओं की संख्या 3,865 है, जिसमें 2,965 पुरुष और 618 महिलाएं शामिल हैं। इनके अलावा काफिले में 230 साधु, 48 साध्वियां और चार बच्चे भी सफर कर रहे हैं। सभी श्रद्धालु 201 छोटे-बड़े वाहनों में यात्रा कर रहे हैं, जिसमें सुरक्षा बल की गाड़ियां भी शामिल हैं।

दो दिन में आठ हजार से ज्यादा श्रद्धालु रवाना

प्रशासन ने इस सुरक्षा काफिले में 83 बसें, 14 मीडियम मोटर व्हीकल और 104 लाइट मोटर व्हीकल शामिल किए हैं। इनमें से 115 वाहन बालटाल जाने वाले काफिले का हिस्सा हैं। इसके अलावा बाकी बचे 86 वाहन पहलगाम बेस कैंप की ओर सुरक्षा के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई स्तरों वाले कड़े इंतजाम किए हैं। इस सालाना यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को तैनात किया गया है। यह यात्रा 57 दिनों तक चलेगी और 28 अगस्त को समाप्त होगी।

जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पिछले दो दिनों के भीतर कुल 8,687 तीर्थयात्री कश्मीर घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रशासन ने इस बार रूट पर मेडिकल कैंप और ठहरने के लिए विशेष व्यवस्था की है। स्थानीय नागरिकों ने भी अमरनाथ यात्रियों का विभिन्न जगहों पर स्वागत किया।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

कुरुक्षेत्र लौट रही सरकारी एंबुलेंस में लगी भीषण आग, 3 मिनट में जलकर खाक

Kurukshetra News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से मरीज को सुरक्षित...

Related Articles