Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति जिले के जाहलमा नाले में अस्थायी पुल बहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बाढ़ के कारण उदयपुर क्षेत्र और पांगी घाटी का संपर्क पूरी तरह कट गया है। इस मुश्किल घड़ी में सुरक्षा बलों ने सूझबूझ से एक गंभीर मरीज की जान बचाई।
उदयपुर उपमंडल के शेनुर गांव के एक मरीज को बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। बुधवार शाम जब एंबुलेंस जाहलमा नाले के पास पहुंची, तो पानी का बहाव बेहद तेज था। बाढ़ के कारण वहां बनी पुलिया भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और एंबुलेंस आगे नहीं जा सकती थी।
जेसीबी के जरिए सुरक्षित पार कराया नाला
मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और पुलिस के जवान आगे आए। जवानों ने मरीज को स्ट्रेचर समेत जेसीबी मशीन के बकेट में सुरक्षित बैठाया। इसके बाद मशीन ऑपरेटर ने सूझबूझ से मूविंग कर उफनते नाले के पार पहुंचाया।
नाला पार करने के बाद परिजनों ने मरीज को तुरंत जिला अस्पताल केलंग पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने केलंग अस्पताल में मरीज का समय पर इलाज शुरू किया, जिसके बाद अब उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। जवानों के इस रेस्क्यू ऑपरेशन की हर तरफ तारीफ हो रही है।
महीने के अंत तक तैयार होगा नया पुल
बीआरओ ने आज सुबह कड़ी मशक्कत के बाद नाले में फिर से अस्थायी पुलिया का निर्माण कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक सुचारू हो गया है। हालांकि नाले में रोजाना आ रही बाढ़ से स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंताएं लगातार बनी हुई हैं।
लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि मई में भारी भूस्खलन के कारण जाहलमा पुल टूट गया था। बीआरओ इस समय नाले पर नए पक्के पुल का निर्माण तेजी से कर रहा है। विधायक के अनुसार इस महीने के अंत तक नया पुल पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।
