Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आस्था की आड़ में युवतियों की भावनाओं से खिलवाड़ करने का एक बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। मथुरा पुलिस ने गोवर्धन इलाके से ऑनलाइन प्रवचन देने वाले ढोंगी बाबा अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अभिषेक मिश्रा आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है। वह उच्च शिक्षा छोड़ अध्यात्म की राह पर चल पड़ा था। आरोपी पर धार्मिक मार्गदर्शन के नाम पर कई पढ़ी-लिखी लड़कियों को जाल में फंसाकर उनका शारीरिक शोषण करने का आरोप है।
एक पीड़ित लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मुकदम दर्ज कर इस घिनौने खेल का पर्दाफाश किया है। पीड़िता का आरोप है कि अभिषेक ने उसे प्राचीन गंधर्व विवाह का झांसा दिया था। इसी तथाकथित धार्मिक विश्वास के जाल में फंसाकर उसने पीड़िता का यौन शोषण किया।
आरोपी के मोबाइल फोन से मिले कई आपत्तिजनक वीडियो
मथुरा के एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में करीब २४ से अधिक लड़कियां इस फर्जी बाबा के सीधे प्रभाव में मिली हैं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन पूरी तरह जब्त कर लिया है।
पुलिस को आरोपी के फोन से भारी मात्रा में आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और चैट रिकॉर्ड्स मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे डेटा का वैज्ञानिक विश्लेषण करवा रही है। इसके लिए डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बीटेक और एमबीए पास लड़कियां थीं निशाने पर
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू पीड़ितों का शैक्षणिक बैकग्राउंड है। आरोपी के झांसे में आने वाली अधिकांश युवतियां बीटेक, एमटेक और एमबीए जैसी बड़ी डिग्रियां हासिल कर चुकी हैं। ये सभी कामकाजी महिलाएं इस शातिर के जाल में फंस गईं।
अभिषेक का आईआईटी बैकग्राउंड और उसकी बेहतरीन कम्युनिकेशन स्किल्स लोगों को प्रभावित करती थीं। इस वजह से लोग उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते थे। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं के बीच भगवद्गीता पर ऑनलाइन प्रवचन देता था।
छह महीने पहले भी दर्ज हुई थी शिकायत
यूट्यूब और फेसबुक पर आरोपी के भजन-कीर्तन करने और मृदंग बजाने के कई वीडियो काफी वायरल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक करीब छह महीने पहले भी एक पीड़ित परिवार ने इस ढोंगी के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी।
मथुरा पुलिस अब पुरानी शिकायतों और ताजा सबूतों को एक साथ जोड़कर बड़ी कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से तीन अन्य युवतियों को भी सकुशल बरामद किया है। पुलिस उन सभी के बयान दर्ज कर रही है।
Author: Ajay Mishra


