Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हरदोई रोड पर शुक्रवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कैसरबाग डिपो की एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने लापरवाही से ओवरटेक करने के चक्कर में पहले एक पिकअप डाला को टक्कर मारी और फिर स्कूटी सवार युवक को बेरहमी से रौंद दिया।
अस्पताल से घर लौट रहे युवक की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार 27 वर्षीय मोहम्मद मलिक की मौके पर ही मौत हो गई। वह काकोरी के कटरा बाजार के रहने वाले थे और एक निजी अस्पताल में लैब सहायक थे। वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी बस उन्हें कई फीट तक घसीटती हुई ले गई।
<
उग्र ग्रामीणों ने शव रखकर लगाया साढ़े तीन घंटे जाम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सपा यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष सालिम के नेतृत्व में शव को सड़क पर रखकर हरदोई रोड को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी काकोरी शकील अहमद और तहसीलदार सदर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई और मदद का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब साढ़े तीन घंटे से लगा लंबा जाम समाप्त कराया जा सका।
एक ही लेन पर यातायात होना बनी हादसे की वजह
एसीपी काकोरी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल डाला चालक अनिल यादव और बाइक सवार धर्मेश चौरसिया को इलाज के लिए तुरंत ट्रामा सेंटर भेजा गया है। नौबस्ता रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा निर्माणाधीन होने के कारण दोनों तरफ का यातायात एक ही लेन से चल रहा था, जो हादसे का मुख्य कारण बना।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस हाईवे पर रोडवेज बसों की बेलगाम रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग के कारण आए दिन बड़े हादसे होते रहते हैं। प्रशासन द्वारा कोई सख्त कार्रवाई न किए जाने से बस चालकों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
Author: Ajay Mishra


