शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन, पंजाब से दबोचा ड्रग्स का मुख्य सप्लायर हैरी, लाखों का चिट्टा और कैश बरामद

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: शिमला पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने पंजाब के खरड़ से मुख्य ड्रग्स सप्लायर हरप्रीत उर्फ हैरी को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अब तक करीब 25 लाख रुपये की कीमत का 316 ग्राम चिट्टा और भारी कैश बरामद कर चुकी है।

नशे के इस काले कारोबार का खुलासा 10 जून को हुआ था। शिमला के सदर पुलिस स्टेशन में इस संबंध में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मंडी के रहने वाले राहुल ठाकुर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने राहुल के पास से 7 ग्राम चिट्टा और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए थे।

- Advertisement -

व्हाट्सएप चैट और डिजिटल सबूतों से खुला हैरी का राज

शिमला पुलिस ने इस केस की जांच के लिए डिजिटल सबूतों और व्हाट्सएप चैट्स का सहारा लिया। पुलिस टीम ने आरोपियों के बैंक अकाउंट्स के वित्तीय लेनदेन का बारीकी से विश्लेषण किया। इस तकनीकी जांच में साफ हुआ कि राहुल को नशे की सप्लाई पंजाब के खरड़ निवासी हरप्रीत उर्फ हैरी ने दी थी।

ठोस तकनीकी सबूत मिलते ही शिमला पुलिस की एक स्पेशल टीम ने पंजाब के खरड़ में दबिश दी। पुलिस ने गोल्डन इस्टेट में हैरी के ठिकाने पर योजनाबद्ध तरीके से रेड की। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी के पास से 309 ग्राम चिट्टा और 61,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।

पुलिस को चकमा देने के लिए दोस्तों के बैंक खातों का इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हरप्रीत उर्फ हैरी बेहद शातिर अपराधी है। वह पुलिस से बचने के लिए केवल व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए ही तस्करों से बात करता था। वह ड्रग्स तस्करी की रकम कभी भी अपने पर्सनल बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं करवाता था।

हैरी ऑनलाइन पेमेंट के लिए हमेशा अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। खातों में पैसा आते ही वह तुरंत एटीएम से कैश निकाल लेता था। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के पूरे सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।

शिमला के एडिशनल एसपी अभिषेक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस बैकवर्ड लिंकेज के तहत अब तक 49 आरोपियों को दबोच चुकी है। इन अपराधियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल और भारत-नेपाल बॉर्डर से पकड़ा गया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने में जुटी है।

Reported By: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles