Chandigarh News: सेक्टर-11 स्थित श्रीकुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर की बेरहमी से हत्या करने वाले शूटरों के खिलाफ आम जनता के साथ-साथ चंडीगढ़ पीजीआई के स्टाफ में भी भारी आक्रोश है। अस्पताल के एक कर्मचारी ने गुस्से में यहां तक कह दिया कि मन तो किया कि इन्हें स्ट्रेचर से ही नीचे पलट दें।
मुठभेड़ में घायल शूटरों को दो घंटे करना पड़ा इंतजार
यह पूरा वाकया शुक्रवार को उस समय देखने को मिला, जब पुलिस दोनों शूटरों को एक्सरे कराने के लिए लेकर आई थी। अस्पताल के कर्मचारियों के भीतर भरे भारी गुस्से के कारण शूटर आर्यन शर्मा और सन्नी मेहरा को महज पांच मिनट की एक्सरे प्रक्रिया के लिए पूरे दो घंटे तक व्हीलचेयर पर इंतजार करना पड़ा।
सहकर्मी के पति की हत्या से भड़के कर्मचारी
अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए आए इन शूटरों के प्रति किसी भी डॉक्टर या कर्मचारी के मन में रत्ती भर भी सहानुभूति नहीं थी। कर्मचारियों में इस कदर रोष इसलिए भी ज्यादा था, क्योंकि मृतक कैशियर जानकी दास की पत्नी हीना खुद पीजीआई में कार्यरत हैं। सभी कर्मचारी अपनी सहकर्मी के साथ खड़े दिखे।
जम्मू से लाते समय पुलिस ने किया था एनकाउंटर
बीती 13 जून को श्री मेडिकल स्टोर में घुसकर कैशियर जानकी दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस टीम जब दोनों शूटरों को जम्मू से पकड़कर चंडीगढ़ ला रही थी, तभी तड़के सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में शूटर सन्नी मेहरा और आर्यन शर्मा के पैर में गोली लगी थी।
भारी सुरक्षा के बीच शूटरों को भेजा गया जेल
सेक्टर-16 के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीजीआई रेफर किया गया था। शुक्रवार को डॉक्टरों की टीम ने छुट्टी देने से पहले एक्सरे की अनिवार्य जांच लिखी थी। अस्पताल कर्मियों ने अपने कर्तव्य को भावनाओं से ऊपर रखकर एक्सरे तो किया, लेकिन शूटरों को अपनी नाराजगी का अहसास भी करा दिया।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे डॉक्टरों की पैनल रिपोर्ट के बाद दोनों घायल शूटरों को पीजीआई से आधिकारिक तौर पर डिस्चार्ज कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मुस्तैद कमांडो तैनात रहे, जिसके बाद दोनों आरोपियों को सीधे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Author: Jatin Sharma


