शेयर बाजार में 5 दिन की तेजी के बाद बड़ा हाहाकार! खुलते ही धड़ाम हुआ सेंसेक्स, निवेशकों के डूबे ₹1.35 लाख करोड़

Mumbai News: भारतीय शेयर बाजार में पिछले पांच दिनों से जारी शानदार तेजी पर शुक्रवार को अचानक ब्रेक लग गया। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार खुलते ही चौतरफा बिकवाली के कारण भारी गिरावट देखने को मिली। इस अचानक आई गिरावट से पूरे दलाल स्ट्रीट में हड़कंप मच गया।

कारोबार शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स रिकॉर्ड 832 अंक की गोता लगाकर 76,578.08 के निचले स्तर पर पहुंच गया। बाजार में मचे इस हाहाकार के कारण महज कुछ ही मिनटों में निवेशकों के 1.35 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए।

सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में करीब 229 अंकों से ज्यादा टूट गया। भारी बिकवाली के इस तगड़े दबाव के चलते निफ्टी फिसलकर 23,938.75 के निचले स्तर तक आ गया, जिससे हर तरफ लाल निशान हावी हो गया।

दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद ऐसे बंद हुआ बाजार

शुरुआती भारी झटके के बाद हालांकि बाजार ने निचले स्तरों से थोड़ा संभलने का प्रयास किया। शुक्रवार को कारोबार के अंत में सेंसेक्स कुल 607.08 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 76,802.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 154.90 अंक टूटकर 24,013.10 के स्तर पर बंद हुआ।

वैश्विक मोर्चे की बात करें तो पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी देखी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव 0.58 प्रतिशत की और गिरावट के साथ फिलहाल 79.39 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

रुपये में दिखी मजबूती और एक दिन पहले का हाल

घरेलू शेयर बाजार में मची इस बड़ी उठापटक के बीच भारतीय रुपये ने शुरुआती कारोबार में मजबूती दिखाई। विदेशी संस्थागत निवेशकों की हलचल के बीच रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की बढ़त हासिल करने में कामयाब रहा और मजबूत होकर 94.30 के स्तर पर पहुंच गया।

इससे ठीक एक दिन पहले यानी पिछले कारोबारी सत्र में बाजार का मिजाज बिल्कुल जुदा था। तब सेंसेक्स 254.36 अंक की शानदार बढ़त के साथ 77,409.98 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 82.30 अंकों की तेजी दर्ज करते हुए 24,168 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद होने में सफल रहा था।

Rajesh Kumar

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories