धर्मशाला के करेरी लेक ट्रैक पर बड़ा हादसा, नाले में डूबने से डेंटल स्टूडेंट की मौत

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धर्मशाला में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहां करेरी लेक की ट्रैकिंग पर गए एक डेंटिस्ट्री के छात्र की नाले में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।

मृतक छात्र की पहचान २४ वर्षीय शशांक आर्यन के रूप में हुई है। वह कांगड़ा जिले के फतेहपुर तहसील के राजा का तालाब इलाके का रहने वाला था। शशांक पोंटा साहिब स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज में पढ़ाई कर रहा था। वह अपने कॉलेज के दोस्तों के साथ घूमने निकला था।

दोस्तों के मना करने पर भी नहाने उतरा था छात्र

पुलिस को दिए बयान में शशांक के दोस्तों ने बताया कि वे सभी सत्रह मई को एक एडवेंचर संस्था के गाइड के साथ करेरी झील गए थे। रात को झील के पास रुकने के बाद अगले दिन सुबह दस बजे वे वापस गांव की तरफ लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

दोपहर करीब बारह बजे सभी दोस्त हाफ प्वाइंट करेरी के पास पहुंचे। वहां बहते नाले को देखकर शशांक का मन नहाने का हुआ। उसके दोस्तों ने गहरे पानी को देखकर उसे वहां नहाने से साफ मना किया। इसके बावजूद शशांक नहीं माना और पानी में उतर गया।

नहाते समय शशांक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने स्थानीय गाइड की मदद से उसे तुरंत पानी से बाहर निकाला। उस समय वह बेहोश था और कोई बात नहीं कर पा रहा था। इसके बाद दोस्त उसे जोनल अस्पताल धर्मशाला लेकर पहुंचे।

अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद शशांक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर उपनिरीक्षक पवन कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने दोस्तों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा जाएगा।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories