Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में तकनीक का एक बेहद हैरान करने वाला कारनामा सामने आया है। यहां एक कार मालिक की गाड़ी घर के गैराज में सुरक्षित खड़ी थी। इसके बावजूद आधी रात को करीब सौ किलोमीटर दूर चंडीगढ़ फोरलेन पर स्थित गड़ा मोड़ टोल प्लाजा पर कार का टोल टैक्स कट गया।
गैराज में खड़ी कार का अचानक कटा टोल टैक्स
यह अनोखा मामला मंडी शहर के रामनगर मंगवाई इलाके से सामने आया है। यहां के निवासी युगल किशोर शर्मा उर्फ काकू सोमवार सुबह अपने मोबाइल पर आया एक मैसेज देखकर दंग रह गए। मैसेज के मुताबिक 17 मई की रात को ठीक 23 बजकर 32 मिनट पर मोड़ा फी प्लाजा पर उनकी कार का 155 रुपए टोल कट गया था।
टोल टैक्स कटने की वजह से कार मालिक के डिजिटल वॉलेट का बैलेंस भी पूरी तरह जीरो हो गया। परेशान युगल किशोर ने तुरंत अपने घर और दुकान के पास बने सुरक्षित गैराज को चेक किया। उन्होंने पाया कि कार तो अंदर ही खड़ी थी। गैराज का मुख्य दरवाजा भी पूरी तरह से बंद था और ताला लगा हुआ था।
पीड़ित कार मालिक ने उच्च स्तर पर शिकायत का किया फैसला
कार मालिक के घर में सिर्फ वे और उनकी पत्नी ही रहते हैं। उनके अलावा गाड़ी को चलाने वाला कोई दूसरा शख्स भी नहीं था। पीड़ित ने टोल कटने के बाद मैसेज में दिए गए टोल फ्री नंबर पर पूरे दिन शिकायत करने की कोशिश की। इसके बावजूद टोल प्रबंधन के हेल्पलाइन नंबर पर उनकी कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी।
गैराज में सुरक्षित खड़ी गाड़ी का आधी रात को टोल कटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पीड़ित युगल किशोर शर्मा ने अब इस तकनीकी लापरवाही की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने का फैसला लिया है। वे इस गड़बड़ी के खिलाफ अपना 155 रुपए का रिफंड वापस लेकर ही दम लेंगे।
Author: Sunita Gupta

