Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर ठग ने गुप्त रोग का शर्तिया इलाज करने का झांसा दिया। उसने महंगी आयुर्वेदिक दवाइयां बेचने के नाम पर 81 वर्षीय स्थानीय बुजुर्ग को 11.60 लाख रुपये का चूना लगा दिया।
पीड़ित बुजुर्ग को जब अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने फौरन कानून का दरवाजा खटखटाया। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।
बस स्टैंड के पास हुई मुलाकात और जाल में फंसे बुजुर्ग
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुल्लू निवासी 81 वर्षीय पीड़ित चरनजीत ने बताया कि बीते 11 जून को सरवरी स्थित न्यू पार्किंग (कुल्लू बस स्टैंड) के पास उनकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने खुद का नाम राजेन्द्र कुमार और निवासी गुरदासपुर (पंजाब) बताया था।
आरोपी राजेन्द्र कुमार ने खुद को नामचीन आयुर्वेदिक दवाओं का विक्रेता बताया। उसने बुजुर्ग को गुप्त रोग का जड़ से इलाज करने का लालच दिया। उसने बुजुर्ग को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया और महंगी जड़ी-बूटियों के नाम पर कुल 11,60,000 रुपये ऐंठ लिए।
फरार होने के बाद आरोपी फोन पर मांगने लगा और पैसे
इतनी बड़ी रकम ठगने के तुरंत बाद आरोपी राजेंद्र कुमार वहां से रफूचक्कर हो गया। इसके बाद 16 जून को आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बुजुर्ग को फोन किया। उसने इलाज पूरा करने के लिए 4 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग शुरू कर दी।
बार-बार पैसे मांगे जाने पर पीड़ित को शक हुआ और ठगी का पता चलते ही उन्होंने कुल्लू पुलिस थाने में शिकायत दी। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी संजीव चौहान ने बताया कि पुलिस केस दर्ज कर फोन नंबरों की कॉल डिटेल्स और अन्य सुरागों से आरोपी की तलाश कर रही है।

