Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तहत उपमंडल गगरेट से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अंबोटा गांव में शादी के महज दो दिन बाद ही एक नवविवाहित दुल्हन घर से नकदी और सोने के गहने समेटकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित दूल्हे ने गगरेट पुलिस स्टेशन में इस घटना की लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से अविवाहित था। गांव के ही एक बिचौलिए ने उसे झांसा दिया कि पंजाब में उसकी अच्छी पहचान है। वह उसकी शादी करवा सकता है। इसके बाद आरोपी युवक को पंजाब के मुकेरियां ले गया। वहां उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से करवाई गई।
शादी के नाम पर सत्तर हजार रुपये की ठगी
वह महिला पीड़ित युवक को पंजाब के ही बटाला ले गई। वहां एक अन्य व्यक्ति से मुलाकात करवाई गई, जिसने युवती को अपनी सगे बहन बताया। शादी का दबाव बनाकर आरोपियों ने गहने खरीदने और ब्यूटी पार्लर के नाम पर युवक से सत्तर हजार रुपये कैश ले लिए। इसके बाद कोर्ट परिसर में फर्जी एफिडेविट तैयार करवाया गया।
शादी का नाटक रचकर युवक को दुल्हन सौंप दी गई। पीड़ित जब दुल्हन को लेकर अपने घर पहुंचा, तो उसने गांव में शादी की पार्टी देने की तैयारी शुरू की। इसके लिए पीड़ित ने स्थानीय कोऑपरेटिव सोसाइटी से सत्तर हजार रुपये का लोन और निकाला। शादीशुदा महिला दो दिन तक घर की रेकी करती रही।
आधी रात को मौका पाकर फरार हुई दुल्हन
शनिवार की आधी रात को करीब साढ़े बारह बजे मौका पाकर दुल्हन घर में रखी नकदी और सारे आभूषण लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने उसे घर से भागते हुए देखा भी, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर गायब हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
पुलिस को अंदेशा है कि इलाके में शादी का झांसा देकर लोगों को ठगने वाली कोई बड़ी क्रिमिनल गैंग एक्टिव है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है। इस एफआईआर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त लीगल एक्शन लिया जाएगा।

