Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी थी जान से मारने की धमकी
हमीरपुर जिले के शिवनगर निवासी विश्व शामा ने इस संबंध में भोटा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उसने मुख्यमंत्री के लिए बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
विशेष समुदाय को टारगेट करने और अभद्र भाषा का लगा आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि वीडियो में आरोपी ने न केवल मुख्यमंत्री को गालियां दीं, बल्कि एक विशेष समुदाय को भी टारगेट किया है। उसने वीडियो में ‘हलाला’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान भगोट गांव निवासी रजनीश के रूप में की।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी हमीरपुर पुलिस
हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपशब्द कहने, मानहानि करने और अभद्र टिप्पणी करने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

