तेज रफ्तार का कहर: सब्जी विक्रेता समेत तीन हादसों में दो की मौत, एक गंभीर घायल

Road Accident News: प्रयागराज जिले में सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफ दिखाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन दर्दनाक घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक सब्जी विक्रेता और एक इंजीनियरिंग का छात्र शामिल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सब्जी विक्रेता की बाइक से टक्कर के बाद मौत

ग्राम पंचायत नौगवांनिवासी 55 वर्षीय बरम दीन पटेल सोमवार देर रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ग्रामीणों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाइक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक दो बेटे और एक बेटी का परिवार छोड़ गए हैं।

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, छात्र की मौत

उतरांव क्षेत्र मेंबलीपुर सलेमपुर गांव के सामने सोमवार देर रात एक और हादसा हुआ। दो छात्र बाइक से जा रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें हंडिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 20 वर्षीय आकाश यादव की मौत हो गई। आकाश जौनपुर के वीर बहादुर इंजीनियरिंग कॉलेज का बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था। वह अपने दोस्त एल्विस के साथ किसी कार्यक्रम में जा रहा था। परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया और पुलिस को सूचना नहीं दी।

बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर, युवक गंभीर

घूरपुर थानाक्षेत्र में मंगलवार दोपहर गौहनिया-करछना मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। 35 वर्षीय धनंजय पटेल अपनी अपाचे बाइक से करमा बाजार जा रहे थे। छीतूपुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि धनंजय सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। ई-रिक्शा चालक ने संतुलन बचा लिया। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories