World News: पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामी से एक बड़ी और दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह तड़के हथियारबंद आतंकवादियों ने अचानक भीषण हमला बोल दिया। इस दौरान सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच कई घंटे तक मुठभेड़ चली।
नाइजर के रक्षा मंत्रालय ने इस भीषण हमले की आधिकारिक पुष्टि की है। इस खूनी संघर्ष में नाइजर सेना के 11 बहादुर सैनिक और 2 आम नागरिकों की मौत हो गई। वहीं, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 22 हमलावरों को मार गिराया है।
रक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय टेलीविजन पर जारी किए गए आधिकारिक बयान के अनुसार, यह आतंकी हमला स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे हुआ। सशस्त्र हमलावर एक कमर्शियल टैक्सी में सवार होकर आए और एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा चौकी के पास पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
दोपहर तक चला सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन
हमले के तुरंत बाद पूरे एयरपोर्ट परिसर में कई घंटों तक भारी गोलीबारी होती रही। सेना ने आतंकियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर जवाबी ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद दोपहर तक स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। इस मुठभेड़ में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
सुरक्षा बलों ने एयरपोर्ट को चारों तरफ से घेरकर पूरी तरह सुरक्षित कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, अब हवाई यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है। सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके से लगभग 20 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नियामी का यह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट नाइजर का सबसे महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना माना जाता है। यहाँ जी5 साहेल काउंटर-टेररिज्म फोर्स, रूसी सैनिक और आधुनिक ड्रोन यूनिट हमेशा तैनात रहती हैं। इसके अलावा, इसी एयरपोर्ट परिसर के भीतर नाइजर का संवेदनशील यूरेनियम स्टॉक भी सुरक्षित रखा जाता है।
यह भीषण हमला जनवरी 2026 में हुए एक अन्य बड़े आतंकी हमले के ठीक पांच महीने बाद हुआ है। उस समय कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के सहयोगी समूह ने इसी एयरपोर्ट कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया था, जिसके बाद परिसर में 350 से ज्यादा सुरक्षा कैमरे लगाए गए थे।
Author: Pallavi Sharma


