International News: ओमान के तट पर अमेरिकी सेना के मिसाइल हमले में तीन भारतीय नाविकों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हमला होर्मुज स्ट्रेट के पास ‘एमटी सेटेबेलो’ कमर्शियल टैंक पर हुआ। इस गंभीर घटना के बाद फ्रांस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत बेहद अहम हो गई है।
ट्रंप ने नहीं जताया अफसोस, बोले- यह तो होता रहता है
इस हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने सबको चौंका दिया है। भारतीय नाविकों की मौत पर शोक या अफसोस जताने के बजाय ट्रंप ने इसे सामान्य घटना की तरह लिया। उन्होंने कहा कि मैंने इस बारे में सुना है, यह हमेशा से होता रहा है। उन्होंने कमर्शियल जहाजों के ऑपरेशन को एक बेहद मुश्किल काम बताया।
ट्रंप ने आगे कहा कि वाशिंगटन और नई दिल्ली दोनों इस गंभीर मुद्दे पर एक साथ काम करना जारी रखेंगे। उन्होंने भारतीय लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि हम उन सभी लोगों से प्यार करते हैं और वे बहुत अच्छे लोग हैं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बेरुखे रवैये से राजनयिक गलियारों में नाराजगी देखी जा रही है।
पीएम मोदी ने नाविकों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा बेहद मजबूती से उठाया। पीएम मोदी ने साफ तौर पर कहा कि हमारे नाविकों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसी भी समझौते का पालन करते समय निर्दोष नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
अमेरिकी सेना ने दो अन्य ऐसे कमर्शियल जहाजों पर भी हमला किया था, जिन पर भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का दावा है कि इन जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकेबंदी को तोड़ा था। इस कार्रवाई के बाद भारत और अमेरिका के बीच राजनयिक तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया है।
भारत ने अमेरिकी राजदूत को किया तलब, जयशंकर ने दर्ज कराया कड़ा विरोध
इस घटना से नाराज भारत ने तीन दिनों के भीतर दो बार अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब कर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच बेहद तनावपूर्ण बातचीत हुई। जयशंकर ने बातचीत में भारतीय नाविकों की मौत पर कड़ा विरोध जताया।
Author: Pallavi Sharma


