Delhi News: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। पिछले दो दिनों से अचानक बढ़ी भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। हवा में नमी के कारण उमस ने आम जनजीवन बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अब इसको लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट जारी किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण लू का प्रकोप आज भी जारी रहेगा। हालांकि कुछ मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। तेज हवाएं चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में पारा 44 पार, दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह
दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज मौसम मुख्य रूप से बेहद गर्म और शुष्क रहने वाला है। दिनभर आंशिक रूप से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। देर शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने के आसार बने हुए हैं।
इस दौरान उत्तर-पश्चिमी दिशा से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की अपील की है।
इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट
एक तरफ उत्तर भारत गर्मी से तप रहा है, तो दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में आज भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, कोंकण-गोवा और मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी आज से बारिश की गतिविधियां काफी बढ़ जाएंगी।
Shilla Bhatia


