Delhi Weather: दिल्ली में ‘हीट इंडेक्स’ पहुंचा 45.1 डिग्री, जानें कब मिलेगी भीषण उमस से राहत

Delhi News: राजधानी दिल्ली में लगातार जारी मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच रविवार को उमस भरी भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। तेज और तीखी धूप के कारण दिनभर लोगों का पसीना नहीं थमा। दिल्ली में भले ही पारा 41.6 डिग्री दर्ज हुआ, लेकिन दिल्लीवासियों ने 45.1 डिग्री सेल्सियस जैसी जानलेवा गर्मी का अहसास किया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का ‘हीट इंडेक्स’ (गर्मी का अहसास कराने वाला सूचकांक) 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकल आई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और अधिक तीखी होती गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर हवा में नमी का स्तर 65 प्रतिशत से 31 प्रतिशत के बीच दर्ज हुआ। दिल्ली के रिज क्षेत्र में सबसे ज्यादा 41.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पालम और आयानगर में हुई बूंदाबांदी

भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के पालम और आयानगर मौसम केंद्र में क्रमशः 2.6 मिलीमीटर और 0.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। देर शाम को दिल्ली के कुछ हिस्सों में अचानक तेज धूल भरी आंधी चली और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अभी अगले तीन दिनों तक ऐसी ही उमस भरी भीषण गर्मी बनी रहेगी। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बीच-बीच में तीव्र लू (Heatwave) भी चल सकती है।

11 और 12 जून को बारिश के आसार

सोमवार के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तीखी धूप खिली रहेगी। सोमवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमशः 41 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 11 और 12 जून को दिल्ली में हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस आगामी बारिश के बाद तापमान में एक बार फिर से अच्छी-खासी कमी दर्ज की जाएगी, जिससे दिल्लीवासियों को उमस और तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल तीन दिनों तक लोगों को तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचकर रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों का तापमान

रविवार को दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.6 और न्यूनतम 27.7 डिग्री रहा। पालम में अधिकतम 40.6 और न्यूनतम 25.8 डिग्री दर्ज हुआ। लोधी रोड में अधिकतम पारा 41.4 डिग्री रहा, जबकि राजघाट में 39.2 डिग्री, पूसा में 39.8 डिग्री और मयूर विहार में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Author: Shilla Bhatia

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories