Business News: मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में शुक्रवार को भारी हलचल देखने को मिल सकती है। तेल से लेकर टेलीकॉम सेक्टर तक फैले इस बड़े समूह ने अपनी 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) की तारीख और वित्त वर्ष 2026 के अंतिम लाभांश की रिकॉर्ड डेट घोषित कर दी है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई आधिकारिक जानकारी में बताया कि कंपनी की 49वीं एजीएम आगामी शुक्रवार, 19 जून, 2026 को दोपहर दो बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूरी तरह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-विज़ुअल माध्यमों के जरिए संपन्न होगी।
सेबी के नियमों के तहत होगी एजीएम
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में स्पष्ट किया है कि यह महत्वपूर्ण आयोजन कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) द्वारा जारी लागू सर्कुलरों के अनुरूप होगा। इस बैठक में कंपनी के भविष्य के बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
डिविडेंड के लिए 5 जून है रिकॉर्ड डेट
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लाभांश पाने के हकदार शेयरधारकों को तय करने के लिए शुक्रवार, 5 जून, 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। अगर आगामी वार्षिक बैठक में शेयरधारक इस डिविडेंड को मंजूरी दे देते हैं, तो मीटिंग के सात दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।
इससे पहले अप्रैल महीने में मार्च तिमाही के नतीजों की घोषणा के साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज ने प्रत्येक इक्विटी शेयर पर छह रुपये का लाभांश देने की सिफारिश की थी। यह लाभांश दस रुपये के अंकित मूल्य (Face Value) वाले शेयरों पर दिया जा रहा है।
जियो आईपीओ पर टिकी हैं बाजार की नजरें
कंपनी ने एजीएम बैठक के दौरान विभिन्न प्रस्तावों पर ऑनलाइन वोट देने के योग्य शेयरधारकों को तय करने के लिए 12 जून की कट-ऑफ तारीख निर्धारित की है। वर्तमान में वैश्विक ऊर्जा माहौल में कमजोरी के बावजूद कंपनी के डिजिटल और कंज्यूमर बिजनेस में काफी शानदार बढ़त देखी गई है।
शेयर बाजार के विशेषज्ञ और तमाम बड़े निवेशक इस समय रिलायंस जियो के बहुप्रतीक्षित आईपीओ (IPO) से जुड़े किसी भी नए अपडेट पर बहुत बारीकी से नजर रख रहे हैं। माना जा रहा है कि इस साल मुकेश अंबानी एजीएम में जियो और रिटेल कारोबार को लेकर कोई बड़ा धमाका कर सकते हैं।
Author: Rajesh Kumar


