Bengaluru News: कर्नाटक की राजनीति में इस वक्त बहुत बड़ी सियासी हलचल चल रही है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज दोपहर तीन बजे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के संकटमोचक डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाल सकते हैं।
सिद्धारमैया का इस्तीफा और शिवकुमार का बढ़ता कद
गुरुवार सुबह डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया से मुलाकात की। उन्होंने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। कनकपुरा के रहने वाले 64 वर्षीय डोड्डालाहल्ली केम्पेगौड़ा शिवकुमार वोक्कलिगा समुदाय के एक बेहद प्रभावशाली और सबसे अमीर राजनेता हैं।
डीके शिवकुमार को गांधी परिवार का सबसे बड़ा भरोसेमंद माना जाता है। उन्होंने छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत की थी। वह अब तक कुल आठ बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। साल 1989 में उन्होंने महज 27 साल की उम्र में पहली बार चुनाव जीता था।
संकटमोचक शिवकुमार की ताकत और विवादों का सफर
साल 2019 में जब कांग्रेस और जेडीएस की सरकार संकट में थी, तब उन्होंने अकेले दम पर बागी विधायकों को संभालने की कमान संभाली थी। इसके बाद उन्हें कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। साल 2023 के चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत के पीछे उनकी कड़ी मेहनत थी।
हालांकि, शिवकुमार का राजनीतिक सफर विवादों से भी घिरा रहा है। ईडी और अन्य जांच एजेंसियां आय से अधिक संपत्ति मामले में उनसे पूछताछ कर चुकी हैं। इसके बावजूद संगठन और सत्ता पर उनकी मजबूत पकड़ ने उन्हें आज मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे खड़ा कर दिया है।
Author: Harikarishan Sharma

