कमिश्नर दफ्तर के पास खूनी शराब पार्टी, डंडों से पीट-पीटकर परचून दुकानदार को उतारा मौत के घाट

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सेक्टर-21सी में पुलिस आयुक्त कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में बदमाशों ने युवक को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

इस खूनी वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। अपराध शाखा एनआइटी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय बलराम के रूप में हुई है, जो मेवला महाराजपुर गांव में अपनी परचून की दुकान चलाता था।

रात के अंधेरे में बंद पड़ा था पुलिस बूथ

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान सेक्टर-46 निवासी हिमांशु, विवेक और अभय के रूप में हुई है। गत 25 मई की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-21सी मार्केट रोड पर एक व्यक्ति के साथ बुरी तरह मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी।

गंभीर रूप से घायल बलराम को इलाज के लिए पास के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि जहां यह पूरी वारदात हुई, वहां पास में ही एक पुलिस बूथ भी है। लेकिन रात के समय इस पुलिस बूथ पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहता है।

शराब पीने के बाद हुआ जानलेवा विवाद

मृतक के पिता और भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जिसके कारण पुलिस को उसकी शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि वारदात से पहले आरोपियों ने बलराम के साथ मिलकर शराब पी थी। इसके बाद वे उसे स्कूटी पर बैठाकर मार्केट रोड पर लाए थे।

मार्केट रोड पर पहुंचने के बाद किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हिमांशु, विवेक और अभय ने पास पड़े डंडों से बलराम के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी उसे लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

सूरजकुंड थाने में दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

इस दर्दनाक घटना के संबंध में मृतक बलराम के चाचा बिरजू उर्फ बीर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा एनआइटी को सौंप दी गई थी।

क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडों को बरामद करने और मर्डर के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Author: Sandeep Hooda

Hot this week

Related Articles

Popular Categories