तेलंगाना में खौफनाक वारदात, आशिक के साथ मिलकर पत्नी ने किया पति का कत्ल, खेत में दफनाई लाश

Telangana News: तेलंगाना से एक खौफनाक क्राइम का मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेहरमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को खेत में दफना दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला कल्पना ने 18 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसका 42 वर्षीय पति मुथ्यम रेड्डी अचानक लापता हो गया था। शुरुआत में पुलिस को यह एक सामान्य गुमशुदगी का मामला लगा। लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई चौंकाने वाले और संदिग्ध तथ्य सामने आने लगे।

कॉल डिटेल्स से खुला पत्नी के अवैध संबंधों का राज

पुलिस ने जांच के दौरान महिला की कॉल डिटेल्स निकाली। पता चला कि कल्पना लगातार गैनी पंडारी उर्फ चिंटू से बात करती थी। दोनों के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृत पति को अपनी पत्नी के इस अवैध रिश्ते के बारे में पूरी भनक लग गई थी।

सच्चाई पता चलने के बाद घर में रोज विवाद होने लगा। महिला को लगा कि पति अब प्यार में रोड़ा बन रहा है। इसलिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना भयानक जुर्म कबूल कर लिया है।

जेसीबी से गड्ढा खोदकर खेत में दफनाया पति का शव

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने एल्गोई गांव के पास इस हत्या को अंजाम दिया। वारदात के बाद उन्होंने जेसीबी मशीन मंगवाई। उसकी मदद से खेत में गहरा गड्ढा खोदा गया। शव को दफनाने के बाद ऊपर से मिट्टी और पत्थर डाल दिए गए, ताकि किसी को शक न हो।

मृतक मुथ्यम रेड्डी पिछले नौ दिनों से लापता था। पुलिस ने प्रशासन की मौजूदगी में खेत की खुदाई शुरू करवा दी है। मौके पर पंचनामा और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पास के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है।

Srinivas Rao

Hot this week

Related Articles

Popular Categories