Chandigarh News: दवा विक्रेताओं की आज होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर चंडीगढ़ में भी दिखाई देगा। शहर के अधिकांश निजी मेडिकल स्टोर आज बंद रहेंगे, जिससे आम जनता को दवाओं के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने एक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की है। प्रशासन ने शहर के 52 प्रमुख मेडिकल स्टोरों को पूरे दिन खुला रखने का निर्देश दिया है।
प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार, पीजीआई (PGI) और शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों के भीतर स्थित मेडिकल स्टोर पूरी तरह चालू रहेंगे। इसमें पीजीआई की न्यू ओपीडी, एडवांस ट्रामा सेंटर, कार्डियक सेंटर, एडवांस्ड आई सेंटर और गोल मार्केट के मेडिकल स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा, जीएमसीएच-32 (GMCH-32), जीएमएसएच-16 (GMSH-16), सेक्टर-22 और सेक्टर-45 के सिविल अस्पतालों में स्थित दवा केंद्र भी मरीजों की सेवा में खुले रहेंगे।
जन औषधि केंद्रों पर भी मिलेगी दवा
आम लोगों को सस्ती और अनिवार्य दवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों को भी चालू रखने का आदेश दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बंद के दौरान चिह्नित किए गए सभी 52 मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र पूरी तरह से कार्यरत रहेंगे। मरीजों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, वे अपनी जरूरत के अनुसार इन केंद्रों से दवाएं प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि आपको किसी अत्यावश्यक दवा की जरूरत है, तो प्रशासन द्वारा जारी सूची में शामिल नजदीकी अस्पताल या जन औषधि केंद्र का रुख करें। प्रशासन ने सभी सूचीबद्ध मेडिकल स्टोरों को निर्देश दिया है कि वे हड़ताल के दौरान मरीजों को बिना किसी परेशानी के सेवाएं प्रदान करें।
Author: Jatin Sharma


