रायबरेली में राहुल गांधी की दहाड़: कहा, आने वाला है बड़ा ‘आर्थिक तूफान’, मोदी सरकार पर साधा निशाना!

Raebareli News: नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी अपने दो दिवसीय संसदीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे हैं। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राहुल का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के पहले दिन राहुल ने मोदी सरकार पर तीखे हमले किए और देश में जल्द ही एक बड़े ‘आर्थिक तूफान’ के आने की चेतावनी दी।

राहुल गांधी ने बछरावां के ठाकुराइन खेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण दुनिया में पेट्रोल-डीजल और उर्वरकों की कमी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि इससे आने वाले दिनों में भारत में महंगाई चरम पर पहुंच जाएगी, जिसकी मार सीधे गरीब, युवाओं और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगी।

उद्योगपतियों के गठजोड़ पर साधा निशाना

अपनी जनसभाओं में राहुल गांधी पुराने अंदाज में ही नजर आए। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी और देश के दो बड़े उद्योगपतियों के गठजोड़ को निशाने पर लिया। राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आम जनता को बचत और कटौती की नसीहत देते हैं, जबकि खुद लगातार विदेश दौरों पर व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि जो आर्थिक संकट आने वाला है, उससे उद्योगपतियों को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन आम जनता पिस जाएगी।

उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों ने छोटे और मझोले व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। राहुल ने दावा किया कि मीडिया पर बड़े उद्योगपतियों का नियंत्रण है, इसलिए टीवी चैनलों पर आम आदमी की समस्याओं के बजाय केवल मनोरंजन और चुनिंदा लोगों की खबरें दिखाई जाती हैं।

गांधी परिवार का ‘दिल का रिश्ता’ और महिला संवाद

रायबरेली के साथ अपने परिवार के अटूट रिश्ते को याद करते हुए राहुल ने कहा कि उनकी दादी, पिता और मां ने इस क्षेत्र के लिए जो कार्य किए हैं, वह एक भावनात्मक जुड़ाव है। लालगंज में आयोजित ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय पर भी सरकार को घेरा।

दौरे के दौरान राहुल गांधी ने चुरुवा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण किया। बुधवार को वे ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के जरिए लोगों से रूबरू होंगे और अमेठी का रुख करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए एक बड़ी कवायद है।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories