MP में पेट्रोल-डीजल की अफवाह से मची अफरातफरी, प्रशासन ने कहा- 3 महीने का स्टॉक, घबराएं नहीं

Madhya Pradesh News: प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। सोशल मीडिया पर तेजी से फैली अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट बढ़ गई और पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर सैकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

तीन महीने का स्टॉक उपलब्ध, सप्लाई सामान्य

भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह नेकहा कि शहर में तीन महीने तक की खपत का बफर स्टॉक मौजूद है। कुछ पंपों पर स्थानीय स्तर पर थोड़ी कमी दिख रही है, लेकिन यह पैनिक बुकिंग और अफवाहों के कारण है। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, भोपाल में 58.79 लाख किलोलीटर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है। भौंरी स्थित डिपो से रोजाना 12 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल की सप्लाई की जा रही है।

जिलेवार हालात: खरगोन से आगर तक भीड़

खरगोन मेंमहेश्वर-बड़वाह रोड पर 300-400 वाहनों की कतार लग गई, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सेंधवा में सुबह से ही पंपों पर भीड़ बढ़ गई। आगर मालवा के पिपलोन कला और कानड़ में पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद तक हो गया। इटारसी में रेलवे स्टेशन के पास दिनभर लंबी लाइन लगी रही। कुक्षी में पैनिक बाइंग के कारण तीन पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया।

पैनिक बाइंग ही असली वजह

विशेषज्ञोंके अनुसार, यह पूरी स्थिति ‘पैनिक बाइंग’ का नतीजा है। जैसे ही लोगों को कमी की अफवाह मिलती है, वे जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगते हैं। इससे अचानक मांग बढ़ जाती है और कुछ पंपों पर अस्थायी कमी दिखने लगती है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अनुसार, करीब 5 फीसदी पंपों पर अस्थायी समस्या है, लेकिन यह सप्लाई की कमी नहीं है।

मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के भाव स्थिर

प्रदेश मेंपेट्रोल और डीजल के दाम पिछले कुछ दिनों से स्थिर बने हुए हैं। आज (25 मार्च 2026) भोपाल में पेट्रोल ₹106.28 से ₹106.56 और डीजल ₹91.68 से ₹91.89 प्रति लीटर चल रहा है। इंदौर में पेट्रोल ₹106.41-₹106.55, ग्वालियर में ₹106.33-₹106.45 और जबलपुर में ₹106.42-₹106.58 प्रति लीटर है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें $70-75 प्रति बैरल के आसपास स्थिर हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाने की अपील की है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories