MP में राज्यसभा चुनाव के बाद बड़ी सियासी हलचल, पूर्व कांग्रेस नेता के इस पोस्ट से मची खलबली!

Bhopal News: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी को सुप्रीम कोर्ट से बहुत बड़ा झटका लगा है। कोर्ट से मीनाक्षी नटराजन के नामांकन मामले में कोई राहत नहीं मिली है। इस बड़े फैसले के बाद प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत तय हो गई है।

इसी बीच कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे चुके वरिष्ठ नेता नरेश ज्ञानचंदानी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सूबे की सियासत गरमा दी है। ज्ञानचंदानी ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने का सबसे पहले खुलकर विरोध किया था। उन्होंने दिग्विजय सिंह को इस सीट के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बताया था।

नरेश ज्ञानचंदानी ने अमित शाह की तारीफ में पढ़े कसीदे

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने और भाजपा प्रत्याशी महेश केवट की जीत के बाद नरेश ज्ञानचंदानी का एक नया पोस्ट सामने आया है। इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या ज्ञानचंदानी बहुत जल्द भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं।

भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ चुके ज्ञानचंदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग किया है। उन्होंने लिखा कि जैसे भाजपा में अमित शाह जैसा चाणक्य लीडर लगातार पार्टी को जिता रहा है, वैसा नेता इस समय आपके पास नहीं है।

उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस के पास जो मजबूत नेता हैं, उनकी पार्टी में कोई कद्र नहीं की जा रही है। ज्ञानचंदानी ने दावा किया कि उन्होंने आलाकमान को कई बार संदेश भेजा था कि मध्य प्रदेश की राजनीति में इस समय ‘राजनीति के चाणक्य’ दिग्विजय सिंह की सख्त जरूरत है।

37 साल पुराना रिश्ता टूटने का दर्द

करीब 37 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे ज्ञानचंदानी का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्यसभा सीट गंवाने के बाद पार्टी के अंदर भारी असंतोष देखा जा रहा है। ज्ञानचंदानी को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बेहद करीबी माना जाता है और वह अक्सर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं।

अचानक अमित शाह की तारीफ करने और कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाने से उनके भाजपा में जाने की संभावनाओं को बल मिल रहा है। इससे पहले भी उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी को टैग करते हुए लिखा था कि अगर मेरे आग्रह को गंभीरता से लिया जाता, तो कांग्रेस आज यह सीट आसानी से जीत जाती।

Harikarishan Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories