Pakistan News: पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के लिए एक और बड़ी चिंताजनक घटना सामने आई है। पाकिस्तान के कामरा स्थित पाकिस्तान एरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) के पास एक JF-17 थंडर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह हादसा बुधवार, 20 मई 2026 को एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान हुआ, जिससे इन फाइटर जेट्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राथमिक रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में अचानक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे के दौरान विमान से काला धुआं निकलता देखा गया। यह पाकिस्तान में चीनी मूल के लड़ाकू विमानों के साथ होने वाली दुर्घटनाओं की श्रृंखला में सातवीं बड़ी घटना बताई जा रही है।
पायलटों ने बचाई जान, स्थिति गंभीर
विमान के जमीन से टकराने से कुछ पल पहले ही दोनों पायलटों ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने पैराशूट की मदद से सफलतापूर्वक इमरजेंसी इजेक्शन (Ejection) किया और सुरक्षित बाहर कूद गए। हालांकि, इस प्रक्रिया में दोनों पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय बचाव दल और आपातकालीन टीमों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुँचाया है।
राहत की बात यह रही कि विमान आबादी वाले इलाके से काफी दूर गिरा। इस भीषण हादसे में किसी भी स्थानीय नागरिक के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फाइटर जेट के गिरने और पायलटों को पैराशूट के सहारे नीचे आते देखा जा सकता है।
चीनी-पाकिस्तानी तकनीकी साझेदारी पर उठे सवाल
JF-17 थंडर को पाकिस्तान एरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) और चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (CAC) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है। यह पाकिस्तान वायुसेना के बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में लगातार सामने आ रहे क्रैश की घटनाओं ने चीन निर्मित सैन्य उपकरणों के रखरखाव और उनकी गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में पाकिस्तान की वायु रक्षा तैयारियों के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती हैं। विमान के इंजन में खराबी या संरचनात्मक खामियों को लेकर अब गहन जांच की मांग उठ रही है। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए वायुसेना ने एक जांच बोर्ड का गठन कर दिया है।
Author: Ajay Mishra

