UAE News: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी आधिकारिक यात्रा की शुरुआत भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करके की। यह दो दिवसीय दौरा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बेहद अहम माना जा रहा है। जयशंकर के यूएई नेतृत्व के साथ हालातों पर विचारों का आदान-प्रदान करने की उम्मीद है। मॉरीशस से हिंद महासागर सम्मेलन के बाद वह सीधे यूएई पहुंचे हैं।
भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर बात, यूएई सरकार के समर्थन की सराहना
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “मैंने यूएई यात्रा की शुरुआत भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत से की। पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच उनकी भलाई और सुरक्षा के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में चर्चा की।” विदेश मंत्री ने आगे कहा कि इस कठिन समय में स्थानीय समाज में भारतीयों के योगदान की सराहना की जाती है। साथ ही उन्होंने भारतीय समुदाय के कल्याण को सुनिश्चित करने में यूएई सरकार के समर्थन को भी सराहा।
मॉरीशस में हिंद महासागर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पहुंचे जयशंकर
विदेश मंत्री मॉरीशस की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद शनिवार को यूएई पहुंचे। मॉरीशस में उन्होंने नौवें हिंद महासागर सम्मेलन (आईओसी) में भाग लिया था। वहां उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार और समुद्री सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की। अब यूएई में उनकी प्राथमिकता पश्चिम एशिया के बिगड़ते हालात में वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी और आर्थिक सहयोग के मुद्दे भी एजेंडा में शामिल हैं। जयशंकर की यह यात्रा क्षेत्रीय संकट के बीच भारत की सक्रिय कूटनीति को दर्शाती है।


