France News: फ्रांस के लियोन शहर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ 19 वर्षीय क्लेलिया वर्दियर ने तीन हफ्ते कोमा में बिताने के बाद जब होश संभाला, तो उन्होंने सबसे पहले अपने बच्चों की खैरियत पूछी। क्लेलिया का दावा था कि वह तीन बच्चों की मां हैं और उनके साथ सात साल बिता चुकी हैं। हालांकि, असलियत यह थी कि क्लेलिया ने कभी बच्चों को जन्म ही नहीं दिया था। दिमाग की इस अद्भुत और डरावनी काल्पनिक दुनिया ने चिकित्सा जगत को भी हैरत में डाल दिया है।
आत्महत्या की कोशिश के बाद चली गई थी कोमा में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लेलिया वर्दियर ने जून 2025 में भारी मात्रा में दवाइयों का सेवन करके आत्महत्या की कोशिश की थी। उनकी हालत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके कारण डॉक्टरों को उन्हें मेडिकल कोमा में रखना पड़ा। करीब 21 दिनों तक क्लेलिया जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करती रहीं। जब उनकी आंखें खुलीं, तो वे एक बिल्कुल अलग इंसान बन चुकी थीं। उनके पास अपनी एक काल्पनिक जिंदगी की पूरी यादें मौजूद थीं, जिसने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
कोमा में जी ली सात साल की पूरी जिंदगी
होश में आने के बाद क्लेलिया ने अपने बच्चों के नाम मिला, माइल्स और मेली बताए। उन्होंने डॉक्टरों को विस्तार से जानकारी दी कि कैसे उन्होंने इन बच्चों को जन्म दिया और उन्हें पाला। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एक बेटी मेली की मृत्यु हो गई थी, जिसका गम उन्हें आज भी सता रहा था। क्लेलिया के लिए वह कोमा का वक्त केवल तीन हफ्ते नहीं बल्कि सात साल का लंबा सफर था। उन्हें बच्चों को गोद में लेने और उनकी परवरिश का हर एहसास बिल्कुल असली लगा।
काल्पनिक दुनिया की सच्चाई जान टूट गई युवती
विशेषज्ञों का मानना है कि कोमा के दौरान क्लेलिया के मस्तिष्क ने एक अत्यंत जटिल और वास्तविक लगने वाली काल्पनिक दुनिया बुन ली थी। इसे ‘मस्तिष्क का रक्षा तंत्र’ या गंभीर मानसिक आघात का परिणाम माना जा सकता है। जब डॉक्टरों ने क्लेलिया को बताया कि वे कभी मां बनी ही नहीं हैं, तो उन्हें गहरा सदमा लगा। उनके लिए यह खबर किसी अपने को खोने जैसा दुख लेकर आई। फिलहाल क्लेलिया इस सदमे से उबरने के लिए विशेषज्ञों की मदद ले रही हैं और इलाज जारी है।

