Mumbai News: रणवीर सिंह के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। निर्देशक आदित्य धर की बहुचर्चित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में अपना शानदार सफर पूरा करने के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे दी है। यह फिल्म फिलहाल अमेरिका और कनाडा के दर्शकों के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा रही है। 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आठ हफ्तों तक अपना दबदबा बनाए रखा था।
नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म को एक नए और रोमांचक नाम ‘धुरंधर: द रिवेंज (Raw & Unseen)’ के साथ पेश किया गया है। खास बात यह है कि ओटीटी पर रिलीज हुआ यह वर्जन सिनेमाघरों में दिखाई गई फिल्म से थोड़ा अलग और लंबा है। सोशल मीडिया पर नेटफ्लिक्स यूएस के आधिकारिक ऐलान के बाद से ही फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 15 मई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी डिजिटल स्ट्रीमिंग शुरू हो चुकी है।
थिएटर वर्जन से 3 मिनट ज्यादा लंबी है फिल्म
फिल्म के डिजिटल वर्जन को लेकर सबसे दिलचस्प जानकारी इसकी लंबाई को लेकर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर’ का थिएटर कट 3 घंटे 49 मिनट का था, लेकिन नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध ‘Raw & Unseen’ वर्जन 3 घंटे 52 मिनट लंबा है। इसका मतलब है कि दर्शकों को 3 मिनट के ऐसे अतिरिक्त सीन देखने को मिलेंगे जिन्हें सेंसर या समय की कमी के कारण सिनेमाघरों में नहीं दिखाया गया था।
फिल्म की कहानी हमजा अली मजारी के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो अपराध की दुनिया में अपनी जड़ें जमा चुका है। इस नए वर्जन में हमजा के अंडरकवर मिशन की और भी गहरी परतें दिखाई गई हैं। दर्शकों को यह देखने को मिलेगा कि कैसे एक व्यक्तिगत त्रासदी के बाद हमजा पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड को नेस्तनाबूद करने के लिए जान की बाजी लगा देता है। यह अतिरिक्त फुटेज कहानी में और अधिक रोमांच पैदा कर रहा है।
भारत में जियोहॉटस्टार पर होगी रिलीज
भारतीय दर्शक बेसब्री से इस फिल्म की ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, भारत में ‘धुरंधर’ के स्ट्रीमिंग राइट्स ‘जियोहॉटस्टार’ (JioHotstar) के पास हैं। हालांकि, प्लेटफॉर्म ने अभी तक किसी आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय रिलीज के कुछ ही समय बाद इसे भारतीय दर्शकों के लिए भी लाइव कर दिया जाएगा।
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए हैं। कहानी में हमजा के ‘जसकिरात सिंह रंगी’ से एक खूंखार अंडरकवर एजेंट बनने तक के सफर को बेहद संजीदगी से दिखाया गया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1796 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है और यह जल्द ही 1800 करोड़ का जादुई आंकड़ा छूने वाली है।

