Paris News: फ्रांस के सबसे मशहूर अभिनेता और गायक पैट्रिक ब्रुएल इस समय गंभीर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। यौन हिंसा से जुड़े कई संगीन मामलों की जांच के बीच उन्हें पेरिस में न्यायाधीशों के सामने पेश किया गया। फ्रांसीसी अभियोजन पक्ष के अनुसार नौ महिलाओं ने उन पर बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।
सरकारी वकीलों ने कोर्ट से अनुरोध किया है कि मुकदमा पूरा होने तक आरोपी कलाकार को हिरासत में रखा जाए। अब अदालत यह तय करेगी कि अभिनेता के खिलाफ औपचारिक रूप से चार्ज लगाए जाएंगे या नहीं। इस बीच पुलिस ने सोमवार से ही पैट्रिक को अपनी कस्टडी में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी थी।
वर्ष 2010 से 2019 के बीच हुई थीं कथित घटनाएं
पैट्रिक ब्रुएल पर लगे इन गंभीर आरोपों में रेप, रेप की कोशिश, यौन हमला और क्रूर उत्पीड़न शामिल हैं। यह सभी कथित घटनाएं वर्ष 2010 से 2019 के बीच की बताई जा रही हैं। फिल्म ‘व्हाट्स इन ए नेम’ के इस मुख्य अभिनेता का फ्रांस के एंटरटेनमेंट उद्योग में दशकों लंबा और बेहद शानदार करियर रहा है।
फ्रेंच खोजी न्यूज़ आउटलेट ‘मीडियापार्ट’ की एक स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट के बाद यह पूरा मामला दुनिया के सामने आया। इस सनसनीखेज मीडिया रिपोर्ट में पीड़ित महिलाओं के बयानों को विस्तार से छापा गया था। इस खुलासे के बाद ही अन्य महिलाओं को भी पुलिस के सामने आने का बड़ा हौसला मिला।
फिल्म एजेंसी की मैनेजिंग डायरेक्टर ने दर्ज कराई शिकायत
आरोप लगाने वाली महिलाओं में ‘यूनिफ्रांस’ एजेंसी की मैनेजिंग डायरेक्टर डेनिएला एल्सटनर भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रुएल ने 1997 में मैक्सिको के एक फिल्म फेस्टिवल के दौरान उन पर हमला किया था। इस घटना के बाद डेनिएला ने पुलिस स्टेशन जाकर आधिकारिक रूप से एक क्रिमिनल कंप्लेंट दर्ज कराई।
अभियोजक कार्यालय के अनुसार वर्तमान जांच में रेप की कोशिश के दो मामले और रेप के तीन बड़े आरोप शामिल हैं। इसके अलावा छेड़छाड़ से जुड़े चार अन्य मामलों की भी गहन जांच चल रही है। जांचकर्ता 13 और महिलाओं के पुराने आरोपों वाली एक बहुत बड़ी सीक्रेट फाइल की समीक्षा कर रहे हैं।
आरोपों के कारण रद्द हुए कई बड़े कॉन्सर्ट और शो
इन गंभीर आरोपों का कलाकार के प्रोफेशनल काम और अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर बेहद बुरा असर पड़ा है। ब्रुएल ने फ्रांस में होने वाले अपने आगामी कॉन्सर्ट टूर को पूरी तरह रद्द कर दिया है। इसके अलावा कनाडाई इवेंट ऑर्गनाइज़र ने भी क्यूबेक में होने वाले तीन बड़े म्यूजिक शो तुरंत सस्पेंड कर दिए।
पेरिस के एडुआर्ड-VII थिएटर ने नारीवादी संगठनों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद ब्रुएल के नाटक के बाकी सभी शो रोक दिए। दूसरी तरफ अभिनेता पैट्रिक ब्रुएल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनके वकीलों ने कहा कि वे कानूनी प्रक्रिया के जरिए इन दावों का जवाब देंगे।
Author: Manisha Thakur


