World News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे बातचीत में देरी करने की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान की मिलिट्री अब पूरी तरह बिखर चुकी है। अमेरिकी एयरफोर्स के हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में सुरक्षा संकट और गहरा गया है।
अमेरिकी एयरफोर्स के खतरनाक हमलों से दहला ईरान
अमेरिकी सेना ने ईरान के रडार सिस्टम और एयर डिफेंस ठिकानों को टारगेट करके भीषण हवाई हमले किए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी मिलिट्री का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसके बाद ट्रंप ने इस कार्रवाई का आदेश दिया। ट्रंप ने इस बड़े हादसे के लिए सीधे तौर पर ईरानी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ कहा कि ईरान ने जलडमरूमध्य के ऊपर पेट्रोलिंग कर रहे अमेरिकी एयरक्राफ्ट को निशाना बनाया था। इस दुस्साहस का जवाब देने के लिए अमेरिकी नेवी और एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने ईरान के बंदर अब्बास और केश्म द्वीप के पास बने सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
ईरान ने किया पलटवार और मिडिल ईस्ट में बजा सायरन
ईरान ने अमेरिकी हवाई हमलों की पुष्टि करते हुए जवाबी कार्रवाई के तहत कुवैत, बहरीन और जॉर्डन को निशाना बनाने का दावा किया है। बहरीन में मौजूद अमेरिकी नेवी के पांचवें बेड़े के पास मिसाइल हमले के अलर्ट सायरन बजने लगे। इसके बाद कुवैत के एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलों और ड्रोन्स को हवा में ही मार गिराया।
इस भीषण जंग के कारण दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों का आवागमन लगभग ठप हो गया है। इसके चलते ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल और एनर्जी की कीमतों में भारी उछाल आया है। इस तनाव ने इजराइल और अमेरिका के साथ चल रहे नाजुक सीजफायर को भी खत्म कर दिया है।
Author: Pallavi Sharma


