Caracas News: दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटों के भीतर विनाशकारी और शक्तिशाली भूकंप के बेहद तेज झटके महसूस किए गए हैं। गुरुवार सुबह जहां उत्तरी जापान में 6.9 तीव्रता का तेज भूकंप आया, वहीं वेनेजुएला में बुधवार को आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के बैक-टू-बैक भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है।
वेनेजुएला की राजधानी काराकास में भूकंप के कारण भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक वहां आए इस विनाशकारी भूकंप का केंद्र तटीय शहर मोरोन के पास जमीन से करीब 13 किलोमीटर की गहराई पर था। इस दौरान कई बहुमंजिला इमारतें ढह गईं।
वेनेजुएला में राष्ट्रीय छुट्टी के दिन मची भारी चीख-पुकार
जिस समय यह आपदा आई, उस वक्त वेनेजुएला के लोग अपने घरों में एक राष्ट्रीय ऐतिहासिक दिवस मना रहे थे। तभी अचानक धरती डोलने लगी और शॉपिंग सेंटर्स समेत ऊंची इमारतों में चीख-पुकार मच गई। काराकास के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और इंटरनेट सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गईं।
कैरिबियाई देशों और प्यूर्टो रिको में जारी हुआ सुनामी अलर्ट
इस भीषण भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने वेनेजुएला के तटीय क्षेत्रों के साथ-साथ अरूबा, बोनेयर और कुराकाओ के लिए सुनामी का गंभीर अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए भी एडवाइजरी जारी कर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है।
उत्तरी जापान में भी महसूस किए गए तेज भूकंप के झटके
दूसरी तरफ प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित जापान के उत्तरी हिस्से में भी गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे भूकंप का तेज झटका लगा। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) के अनुसार इस भूकंप की तीव्रता 6.9 मापी गई और इसका केंद्र इवाते और अओमोरी प्रांत के तटीय क्षेत्र में था।
जापान में टला बड़ा खतरा और बुलेट ट्रेन सेवाएं रोकी गईं
जापान में आए इस भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 50 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई थी। गनीमत यह रही कि जापान के इस हादसे के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और न ही बड़े जानमाल के नुकसान की खबर है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से तोहोकू शिनकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाओं को तुरंत रोक दिया गया है।

