पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में घुसा एअर इंडिया का विमान: तकनीकी खराबी के बाद मचा हड़कंप, अमृतसर के बजाय दिल्ली में कराई इमरजेंसी लैंडिंग

- Advertisement -

Amritsar News: दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-479 में तकनीकी खराबी आने से सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। नेविगेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण यह विमान अपने तय रास्ते से भटक गया। इसके बाद विमान सीधे पाकिस्तान के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) में दाखिल हो गया।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी मिलने के बाद पायलट को गलती का अहसास हुआ। इसके तुरंत बाद पायलट ने विमान को यू-टर्न लिया और वापस भारतीय एयरस्पेस की ओर रुख किया। यह घटना सामान्य रूप से रास्ता भटकने जैसी नहीं है क्योंकि यह एयरस्पेस भारतीय विमानों के लिए पूरी तरह बंद है।

- Advertisement -

अप्रैल 2025 से भारतीय विमानों के लिए बंद है पाक एयरस्पेस

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने भारतीय रजिस्ट्रेशन वाले सभी कमर्शियल और मिलिट्री विमानों के लिए अपना एयरस्पेस अप्रैल 2025 से पूरी तरह बंद कर रखा है। इस बैन को हर महीने नोटम (NOTAM) के जरिए आगे बढ़ाया जाता है। हाल ही में इसे बढ़ाकर 24 जुलाई तक के लिए लागू किया गया है।

यही वजह है कि जैसे ही एअर इंडिया का विमान पाकिस्तान के लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में दाखिल हुआ, वहां के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने फौरन हाई अलर्ट जारी कर दिया। चूंकि भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति है, ऐसे में बंद एयरस्पेस में भारतीय विमान का जाना बेहद गंभीर माना जा रहा है।

अमृतसर एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, यह विमान पाकिस्तान की सीमा के अंदर करीब डेढ़ मील तक घुस गया था। विमान ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। इसे रात 10:30 बजे अमृतसर में लैंड करना था, लेकिन बीच रास्ते में आई तकनीकी खराबी से इसका पूरा रूट ही गड़बड़ा गया।

अमृतसर में जगह न मिलने पर वापस दिल्ली भेजा गया विमान

पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से सुरक्षित लौटने के बाद भी विमान की मुश्किलें कम नहीं हुईं। जब विमान वापस आया, तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर हवाई ट्रैफिक काफी बढ़ चुका था। रनवे खाली न होने की वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को तुरंत लैंड करने की अनुमति देने से साफ मना कर दिया।

इसके बाद विमान कुछ देर तक अमृतसर के आसमान में ही चक्कर लगाता रहा। आखिर में कंट्रोल रूम के निर्देश पर विमान को वापस दिल्ली की तरफ डायवर्ट कर दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। दिल्ली में करीब दो घंटे के लंबे इंतजार के बाद विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया।

सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर इस फ्लाइट ने आखिरकार अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस पूरे घटनाक्रम और तकनीकी गड़बड़ी की वजह से विमान में सवार यात्रियों को करीब चार घंटे की भारी देरी का सामना करना पड़ा और वे बेहद डरे रहे।

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक के कारण विमान को हवा में रोकना एक सामान्य प्रक्रिया है। लेकिन इस मामले में असली चिंता की वजह तकनीकी खराबी और सीमा पार जाना है। इस बेहद संवेदनशील मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि नेविगेशन फेल होने के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles