World News: यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया और क्रास्नोदार क्षेत्र पर एक साथ बड़ा ड्रोन हमला किया है। इस भीषण हवाई हमले में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 से अधिक लोग घायल हुए हैं। क्रीमिया में चार नागरिकों की जान गई है और क्रास्नोदार में एक व्यक्ति मारा गया।
क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि हमलों के बाद आपातकालीन स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। अब आम लोगों और निजी व्यवसायों को ईंधन नहीं मिलेगा। यह केवल आपातकालीन और सुरक्षा एजेंसियों को दिया जाएगा।
यूक्रेन ने हाल के महीनों में क्रीमिया प्रायद्वीप पर अपने ड्रोन हमलों की रफ्तार को काफी तेज कर दिया है। रूस के लिए यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद खास है। यहीं पर रूस का प्रसिद्ध ब्लैक सी फ्लीट तैनात है, जो युद्ध में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
तेल डिपो और सप्लाई लाइनों को बनाया निशाना
यूक्रेनी सेना लगातार रूसी सेना की सप्लाई लाइनों और सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट करने में जुटी है। इस ताजा हमले के बाद क्रीमिया में अचानक गहरा ईंधन संकट पैदा हो गया है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस समय वहां पर्यटन सीजन अपने चरम पर है।
दूसरी तरफ, रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले ने तबाही मचाई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन ने यहां के एक बड़े ऑयल ट्रांसपोर्ट सेंटर को निशाना बनाया। इस सटीक हमले के कारण वहां मौजूद एक बड़े तेल टर्मिनल में भीषण आग लग गई।
इस हमले के दौरान वहां से गुजर रही एक यात्री फेरी भी इसकी चपेट में आ गई, जिससे एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुद इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि करते हुए इसे एक सफल ऑपरेशन बताया है।
रूस का दावा: रातभर में गिराए 239 ड्रोन
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस) ने रातभर में रिकॉर्ड 239 यूक्रेनी ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया। हालांकि, इसके बावजूद कई ड्रोन अपने ठिकानों तक पहुंचने और नुकसान पहुंचाने में कामयाब रहे।
इन लगातार हमलों से क्रीमिया के मुख्य बिजली नेटवर्क को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय बिजली कंपनी ने कहा है कि ग्रिड में खराबी आने से कई शहरों की बत्ती पूरी तरह गुल हो गई है, जिससे आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षा कारणों से क्रीमिया और क्रास्नोदार के बीच चलने वाली फेरी सर्विस को तुरंत रोक दिया गया। इसके अलावा, दोनों क्षेत्रों को जोड़ने वाले मुख्य पुल पर यातायात करीब नौ घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। इस वजह से 11 महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।
Pallavi Sharma

