Uttarakhand News: उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ले ली है। जनपद में गुरुवार रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इस भारी बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
अचानक बढ़ी ठंड के कारण स्थानीय लोगों को जून के महीने में भी ठिठुरन का अहसास होने लगा है। इसी बीच चमोली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां लगातार हो रही बारिश की वजह से प्रसिद्ध बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अचानक पूरी तरह बाधित हो गया है।
भनैरपानी के पास दरका पहाड़
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीपलकोटी के पास भनैरपानी में पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। इस भूस्खलन के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रा अस्थायी रूप से रुक गई है।
युद्धस्तर पर हाईवे खोलने का काम जारी
मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। हाईवे को दोबारा सुरक्षित रूप से चालू करने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि राहत की बात यह है कि जिले के अन्य सभी संवेदनशील स्थानों पर हाईवे फिलहाल पूरी तरह सुचारू है। चमोली जिला प्रशासन ने मौसम के खराब मिजाज को देखते हुए सभी यात्रियों और तीर्थयात्रियों से बेहद सावधानी बरतने की पुरजोर अपील की है।
Author: Harish Rawat


