चारधाम यात्रा: हेली बुकिंग के नाम पर ठगी रोकने को एसटीएफ का बड़ा अभियान, 180 फर्जी लिंक ब्लॉक

Uttarakhand News: चारधाम यात्रा शुरू होने में महज कुछ दिन बचे हैं। इस बीच उत्तराखंड एसटीएफ ने हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा अभियान चलाया है। एसटीएफ ने 180 फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक कर 10 संदिग्ध वेबसाइटों को निष्क्रिय कराया है। साथ ही 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों पर भी कार्रवाई की गई है।

एसटीएफ ने साइबर अपराधियों पर कसा शिकंजा

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि साइबर ठग केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापन बना रहे थे। कई श्रद्धालु इनके झांसे में आकर पैसे गंवा चुके हैं। एसटीएफ ने इन अपराधियों के खिलाफ संगठित रूप से कार्रवाई करते हुए कई मामले दर्ज किए हैं। अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से ही करें बुकिंग

एसएसपी अजय सिंह ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही करें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक, वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें। यात्री किसी भी साइबर फ्रॉड की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दे सकते हैं।

यात्रा रजिस्ट्रेशन और कपाट खुलने की तिथियां

चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पहले ही शुरू हो चुका है। यात्री आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं। इस साल चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ शुरू होगी। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे。 हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग 15 अप्रैल शाम 6 बजे से शुरू होगी, जो 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए मान्य होगी।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories