मसूरी में दर्दनाक हादसा: झड़ीपानी लिंक मार्ग पर 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दिल्ली-NCR के 4 पर्यटकों की मौत

Mussoorie News: उत्तराखंड के मशहूर पर्यटन स्थल मसूरी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। झड़ीपानी-कोल्हूखेत लिंक मार्ग पर पुराने टोल चौकी के पास एक पर्यटकों से भरी कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार सभी चारों पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), अग्निशमन दल और 108 एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। उबड़-खाबड़ और बेहद दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने मलबे में तब्दील हो चुकी कार से सभी शवों को बाहर निकाला और काफी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया।

अत्यधिक ढलान और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए एसडीएम मसूरी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और एसपी सिटी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मारूति सिलेरियो कार दिल्ली के नंबर (DL 5CS 4610) की थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर खाई में समा गई।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस का अनुमान है कि जिस जगह पर यह दर्दनाक हादसा हुआ, वहां सड़क पर काफी तीव्र ढलान है। संभवतः कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग उत्तरकाशी से घूमकर वापस लौट रहे थे।

खतरनाक और संकरे रास्ते पर चला गया था वाहन

इस हादसे में जान गंवाने वाले पर्यटकों की पहचान सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीष, गाजियाबाद के नेहरू नगर की रहने वाली 48 वर्षीय सविता और दिल्ली के करोलबाग की निवासी 46 वर्षीय संगीता के रूप में हुई है। पुलिस प्रशासन ने सभी मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, झड़ीपानी-कोल्हूखेत लिंक मार्ग बेहद संकरा और खतरनाक है, जहां आमतौर पर बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहन नहीं जाते हैं। इस मार्ग का उपयोग केवल देहरादून और मसूरी के स्थानीय चालक ही करते हैं जो इसके भूगोल से अच्छी तरह वाकिफ हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author: Harish Rawat

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories