Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सबसे ज्यादा रौनक रोहतांग दर्रे में देखने को मिल रही है, जहां चार फीट ऊंची बर्फ की दीवारें सैलानियों को आकर्षित कर रही हैं। हालांकि बढ़ती आवाजाही के कारण रोहतांग मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी लगातार सामने आ रही है।
प्रशासन ने रोहतांग जाने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या सीमित कर रखी है। रोजाना केवल 1200 वाहनों को ही अनुमति मिल रही है। सुबह के समय बड़ी संख्या में वाहन एक साथ दर्रे की ओर बढ़ते हैं। कई पर्यटक रास्ते में गाड़ियां रोककर फोटो और वीडियो बनाने लगते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है।
रोहतांग से कोकसर मार्ग खुलने से मिली राहत
अब रोहतांग दर्रे से कोकसर की ओर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से ट्रैफिक दबाव कुछ कम हुआ है। पर्यटक वापसी में अटल टनल रोहतांग होते हुए सीधे मनाली लौट रहे हैं। इससे पहले जब वाहन दर्रे के आर-पार नहीं जा रहे थे, तब सड़क पर घंटों लंबा जाम लग रहा था।
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बार मौसम साफ रहने के कारण पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रोहतांग दर्रा मनाली का सबसे नजदीकी स्नो प्वाइंट माना जाता है। यही वजह है कि अधिकतर पर्यटक सबसे पहले इसी स्थान का रुख कर रहे हैं।
बारालाचा और शिंकुला दर्रे भी बने आकर्षण
रोहतांग के अलावा बारालाचा और शिंकुला दर्रे में भी बर्फ के बड़े ढेर पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि ये दोनों स्थल रोहतांग की तुलना में काफी दूर हैं। मनाली से रोहतांग की दूरी करीब 50 किलोमीटर है, जबकि शिंकुला और बारालाचा दर्रे लगभग 140 किलोमीटर दूर स्थित हैं।
फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान दुर्गा दत्त ने बताया कि बुधवार को रोहतांग दर्रे में मौसम साफ रहा। खिली धूप के बीच पर्यटक बर्फ में जमकर मस्ती करते नजर आए। उन्होंने कहा कि करीब चार फीट मोटी बर्फ की दीवारें सैलानियों का स्वागत कर रही हैं और लोग बड़ी संख्या में फोटो शूट करवा रहे हैं।
पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने की तैयारी
हिम आंचल टैक्सी यूनियन मनाली के अध्यक्ष राज कमल ने कहा कि रोहतांग के साथ-साथ बारालाचा और शिंकुला दर्रों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। टैक्सी ऑपरेटर पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुविधा देने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन भी लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में जुटा हुआ है।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पंचायत चुनाव के कारण कई पुलिस और होमगार्ड जवान चुनाव ड्यूटी में तैनात हैं। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए एसडीआरएफ के 25 जवानों को विभिन्न प्वाइंट्स पर लगाया गया है। ये जवान 31 मई तक मनाली और रोहतांग मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालेंगे।
Author: Sunita Gupta

