Himachal News: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ओमान तट के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट में एक ऑयल टैंकर पर हुए अमेरिकी नौसेना के हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई। इस दुखद खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
हमले के वक्त ऑयल टैंकर पर मौजूद थे 24 सदस्य
हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र का रहने वाला 24 वर्षीय आदित्य शर्मा मर्चेंट नेवी के ऑयल टैंकर पर डेक कैडेट के पद पर तैनात था। सूत्रों के अनुसार, घटना के समय इस कमर्शियल शिप पर कुल 24 क्रू मेंबर्स मौजूद थे। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान तीन भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जिनमें आदित्य भी शामिल था।
इस भीषण हमले में ऑयल टैंकर को भी भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाकी 21 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आदित्य ने अपनी स्कूल की पढ़ाई जालंधर से पूरी की थी। इसके बाद उसने चेन्नई के एक प्रसिद्ध संस्थान से मर्चेंट नेवी का प्रोफेशनल कोर्स पास किया था।
नवंबर में ही जॉइन की थी मर्चेंट नेवी की नौकरी
गलोड़ क्षेत्र की हरेटा पंचायत के भालू गांव के निवासी आदित्य शर्मा ने नवंबर 2025 में ही मर्चेंट नेवी जॉइन की थी। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनके पिता राजेश कुमार शर्मा जालंधर की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं, जबकि माता सुषमा शर्मा एक कुशल गृहिणी हैं।
घर के इकलौते चिराग की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम छा गया है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। केवल आठ महीने पहले जो बेटा अपने परिवार का सहारा बनने के लिए घर से निकला था, आज इंटरनेशनल वॉर जोन में उसकी असमय मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया गहरा दुख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अंतरराष्ट्रीय हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवार की हर संभव मदद करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
स्थानीय प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया है। गलोड़ के तहसीलदार केशव कुमार ने भालू गांव जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से शोक व्यक्त किया और परिवार को ढांढस बंधाया। सरकार अब केंद्र सरकार के सहयोग से पार्थिव शरीर को वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
Reported By: Sunita Gupta


