Himachal Pradesh News: मंडी जिले के पंडोह बाजार में स्थित मूवीविजन निधि लिमिटेड कंपनी के कार्यालय पर पिछले पंद्रह दिनों से ताला लटका हुआ है। इस घटना से क्षेत्र के सैकड़ों जमाकर्ताओं की गाढ़ी कमाई अधर में फंस गई है। अचानक दफ्तर बंद होने से स्थानीय उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है और लोग परेशान हैं।
लापता हुए कंपनी के उच्च अधिकारी, पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित ग्राहकों ने बताया कि मूवीविजन निधि लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) और मैनेजर ने अब उपभोक्ताओं के फोन उठाना भी बंद कर दिया है। परेशान होकर ग्राहक जगदीश कुमार, शीला देवी और राकेश कुमार ने पंडोह पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। वे पुलिस से अपने पैसे वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।
पंडोह बाजार के छोटे दुकानदार, कार, जीप और थ्री-व्हीलर टैक्सी ऑपरेटर्स इस कंपनी में अपनी रोजाना की बचत जमा करते थे। वे डेली डिपॉजिट, आरडी और एफडी के रूप में पैसा लगाते थे। अब यह पूरी राशि डूबने के कतरे में आ गई है, जिससे लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन से गुहार और पुलिस की कार्रवाई शुरू
पीड़ितों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर अपनी जमापूंजी वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि उन्हें लिखित आवेदन मिल गया है। पुलिस के जांच अधिकारी (आईओ) मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं। हालांकि, कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिशें अब तक नाकाम रही हैं।
Reported By: Sunita Gupta


