वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव: दिल्ली-जोधपुर रूट पर यात्रियों में दहशत, जांच में जुटी RPF

Delhi News: दिल्ली से जोधपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी की है। यह घटना अलवर और रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। उपद्रवियों द्वारा फेंके गए पत्थर से ट्रेन की खिड़की के कांच में बड़ी दरार आ गई है। गनीमत रही कि इस हमले में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।

सूत्रों के अनुसार, ट्रेन पर लगभग आधा दर्जन पत्थर फेंके गए। घटना के तुरंत बाद हड़कंप मच गया और रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। फिलहाल, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यात्रियों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग की तलाश

ट्रेन में सवार यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, तकनीकी टीम रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। प्रशासन इस मामले को काफी गंभीरता से ले रहा है और उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं।

हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की निगरानी बढ़ाने पर चर्चा तेज हो गई है। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन पर बार-बार हो रहे ऐसे हमले रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करते हैं।

ऐसी घटनाएं पहले भी देश के अलग-अलग हिस्सों में सामने आ चुकी हैं, जिससे रेलवे को भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता होती है। स्थानीय पुलिस और आरपीएफ मिलकर इस रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की योजना बना रही है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों को रोका जा सके।

Author: Gaurav Malhotra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories