Entertainment News: मशहूर सितार वादक अनुष्का शंकर ने हाल ही में अपने साथ हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना का जिक्र सोशल मीडिया पर किया है। एक कॉन्सर्ट के बाद एक प्रशंसक द्वारा बिना अनुमति के उन्हें गोद में उठा लेने की हरकत ने उनके मन को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस घटना ने उन्हें अतीत के उन दर्दनाक जख्मों की याद दिला दी है, जिनसे वह सालों से जूझ रही थीं।
44 वर्षीय कलाकार ने बताया कि शो के बाद वह फैंस से मिल रही थीं। तभी एक अनजान व्यक्ति ने उन्हें बिना पूछे हवा में उठा लिया। अनुष्का ने स्वीकार किया कि उस समय वह सकते में थीं और असहज होने के बावजूद उन्होंने शिष्टाचार बनाए रखा, लेकिन बाद में यह अनुभव उनके लिए बेहद कष्टकारी साबित हुआ।
अतीत के घाव और मानसिक संघर्ष
अनुष्का शंकर ने इस अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कैसे एक पल की लापरवाही ने उनके बचपन के यौन शोषण के दर्द को ताजा कर दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उस वक्त उन्होंने अपनी असहजता को दबाकर उस व्यक्ति की भावनाओं को प्राथमिकता दी, लेकिन बाद में उन्हें इस बात का गहरा मलाल हुआ कि उन्होंने अपनी सीमाएं स्पष्ट क्यों नहीं कीं।
इस घटना के कुछ दिनों बाद, जब अनुष्का को सच्चाई का एहसास हुआ, तो वह आत्मग्लानि और निराशा से भर गईं। उन्होंने अपने प्रशंसकों को यह समझाने की कोशिश की है कि हीलिंग का सफर आसान नहीं होता। यह रास्ता उतार-चढ़ाव से भरा है, जहां कभी-कभी पुरानी यादें और घाव अचानक फिर से उभरकर सामने आ जाते हैं।
अनुष्का ने इस कड़वे अनुभव के जरिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि यदि किसी मोड़ पर आपकी आवाज दब जाए या खो जाए, तो निराश न हों। हीलिंग की प्रक्रिया में धैर्य रखना जरूरी है और खुद के प्रति दयालु बने रहना बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी यह ईमानदारी आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है।
Author: Manisha Thakur


