Weather News: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिली है। बृहस्पतिवार शाम को राजधानी के कई इलाकों में काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस अचानक हुए बदलाव से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में वर्षा का यह दौर अगले तीन दिनों तक जारी रहने की पूरी संभावना है। इससे आने वाले दिनों में तापमान काफी नीचे आ जाएगा। मौसम की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जबकि शनिवार और रविवार के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।
बृहस्पतिवार की सुबह तीखी धूप और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया था। लेकिन शाम छह बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी के पालम इलाके में रात आठ बजे सबसे तेज 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
तापमान में दर्ज की गई भारी गिरावट
बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक यानी 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार के मुकाबले करीब ढाई डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में रात साढ़े आठ बजे तक 3.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम में आए इस बदलाव के बाद पालम में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री रहा, जो पिछले 24 घंटों में 4.3 डिग्री कम है। लोधी रोड पर तापमान 39.3 डिग्री दर्ज हुआ, जिसमें 5.3 डिग्री की कमी आई। इसके अलावा रिज में 40.2 डिग्री और अयानगर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राजधानी में गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 24 डिग्री तक गिर सकता है।
जानिए क्यों बदला दिल्ली का मौसम
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि मानसून पूर्व (प्री-मानसून) वर्षा का यह दौर अप्रैल और मई की शुरुआत में हुई बारिश की तुलना में कहीं अधिक तीव्र होगा। इस मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में पूरे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में व्यापक और भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने इस अचानक आए बदलाव का मुख्य कारण पहाड़ी राज्यों पर बने मजबूत पश्चिमी विक्षोभ को बताया है। इसके साथ ही राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है।
बृहस्पतिवार को दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम 28.3 डिग्री रहा, जहां 0.5 मिमी वर्षा हुई। मयूर विहार में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वीकेंड पर भी ऐसा ही सुहावना मौसम बने रहने से दिल्ली वासियों को उमस से राहत मिलेगी।
Author: Shilla Bhatia


