बीएसएफ और बीजीबी के बीच महाबैठक अगले सप्ताह, बांग्लादेशी अपराधियों की घुसपैठ और हमलों पर होगा कड़ा प्रहार!

Delhi News: भारत और बांग्लादेश के बीच सीमा सुरक्षा को लेकर अगले सप्ताह नई दिल्ली में एक बेहद महत्वपूर्ण महानिदेशक स्तरीय समन्वय सम्मेलन होने जा रहा है। इस उच्च स्तरीय बैठक में सीमा पार से होने वाले अपराधों और भारतीय नागरिकों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।

सीमा सुरक्षा बल (BGB) के अनुसार यह द्विवार्षिक 57वां महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन आठ से 11 जून तक आयोजित होगा। नई दिल्ली स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) के मुख्यालय में दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारी आमने-सामने बैठकर सीमा सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार करेंगे। वहीं दूसरी तरफ से बांग्लादेश रक्षक बल (बीजीबी) की टीम की कमान उनके डीजी मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी संभालेंगे। दोनों देशों के बीच यह वार्ता सीमा सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जा रही है।

भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर रहेगा मुख्य फोकस

बीएसएफ द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार इस बैठक में भारतीय नागरिकों और बीएसएफ जवानों के खिलाफ बांग्लादेशी उपद्रवियों के हमलों को रोकने पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही सीमा पर लगी बाड़ के उल्लंघन और बांग्लादेशी अपराधियों की भारत में अवैध घुसपैठ को पूरी तरह थामने पर भी जोर दिया जाएगा।

इस सम्मेलन के दौरान भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल विद्रोही समूहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठेगा। दोनों देशों के बीच सीमा पार होने वाले विभिन्न अपराधों की रोकथाम के लिए संयुक्त निगरानी बढ़ाने और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में इस वर्ष की शुरुआत में नवगठित बीएनपी सरकार के सत्ता में आने के बाद बीएसएफ और बीजीबी के बीच यह पहली आधिकारिक वार्ता है। इसलिए इस द्विवार्षिक बैठक को दोनों देशों के बदलते राजनीतिक और सामरिक संबंधों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।

Author: Gaurav Malhotra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories