धर्मशाला वनडे के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंची टीम इंडिया, रोहित से हाथ मिलाने दौड़ा फैन, प्रशासन का कड़ा ट्रैफिक प्लान तैयार

Himachal News: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के खूबसूरत धर्मशाला स्टेडियम में 13 जून को होने वाले महामुकाबले के लिए भारतीय क्रिकेट टीम वीरवार दोपहर गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंच गई है। स्टार खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर सैकड़ों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहले से ही मुस्तैद थे।

रोहित शर्मा और शुभमन गिल का फैंस ने किया स्वागत

टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल और स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल सहित पूरी टीम जैसे ही टर्मिनल से बाहर आई, फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर एक जबरा फैन स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा से हाथ मिलाने के लिए उनकी तरफ तेजी से दौड़ पड़ा।

खिलाड़ियों ने सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में हाथ मिलाकर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद सभी सदस्य लग्जरी बसों से धर्मशाला के लिए रवाना हो गए। टीम ने वहां के सुहावने और ठंडे मौसम का जमकर लुत्फ उठाया। इस समय खूबसूरत पहाड़ी शहर धर्मशाला में घने बादल छाए हैं और बूंदाबांदी शुरू हो गई है।

मैच के दिन सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

क्रिकेट प्रेमियों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने एक मास्टर ट्रैफिक प्लान लागू किया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के 700 जवानों को तैनात किया गया है। पूरे शहर में 280 आधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पूरे इलाके को 12 अलग-अलग सेक्टर्स में डिवाइड किया है। इनमें से आठ केवल ट्रैफिक सेक्टर्स होंगे, जबकि स्टेडियम एरिया को चार स्पेशल सेक्टर्स में बांटा गया है। सुरक्षा कारणों से मैच वाले दिन धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में पैराग्लाइडिंग पर पूरी तरह बैन रहेगा।

दर्शकों के लिए सुबह ही खुल जाएंगे स्टेडियम के गेट

मैच वाले दिन सुबह 10:30 बजे से ही दर्शकों के प्रवेश के लिए स्टेडियम के मुख्य गेट खोल दिए जाएंगे। यह रोमांचक मुकाबला दोपहर 01:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए आम यातायात को पूरी तरह रोका जाएगा।

मैच के दौरान मटौर से चैतडू वाया बगली धर्मशाला की तरफ आने वाले वाहनों के लिए वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू रहेगा। इसी तरह धर्मशाला जाते समय शीला ढगवार रोड को भी वन-वे रखा जाएगा। पालमपुर और कांगड़ा जाने वाली गाड़ियां इसी रूट से गुजरेंगी। यह नई व्यवस्था सुबह 09:00 बजे से लागू होगी।

शटल बसों और पार्किंग की मिलेगी शानदार सुविधा

दर्शकों के लिए पुलिस मैदान धर्मशाला, सचिवालय, दाड़ी मेला मैदान, जोरावर स्टेडियम, चीलगाड़ी रोड, सैनिक रेस्ट हाउस और डीआईजी कार्यालय के पास बड़ी पार्किंग साइट्स बनाई गई हैं। बिना पास या चेकिंग के किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

स्टेडियम तक आसानी से पहुंचने के लिए प्रशासन ने दाड़ी और जोरावर स्टेडियम से विशेष शटल बसों की मुफ्त सेवा शुरू की है। इन बसों के जरिए क्रिकेट प्रेमी बिना किसी जाम के सीधे मैच वेन्यू तक पहुंच सकेंगे। सुरक्षाकर्मी स्टेडियम के बाहर और अंदर संदिग्धों पर कड़ी नजर रखेंगे।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories