Mirpur News: बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने घातक गेंदबाजी करते हुए मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह उखाड़ दिया है। मीरपुर में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में कंगारू टीम ने बिना कोई रन बनाए अपने तीन मुख्य विकेट गंवा दिए। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम वनडे क्रिकेट के एक बेहद शर्मनाक क्लब में शामिल हो गई है।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान जोश इंग्लिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। मेजबान तेज गेंदबाज तास्किन अहमद और मुस्ताफिजुर रहमान ने शुरुआती 12 गेंदों के भीतर कप्तान के इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। कंगारू बल्लेबाज बांग्लादेशी पेस अटैक के सामने पूरी तरह लाचार नजर आए।
शुरुआती दो ओवर्स में ही पवेलियन लौटे तीन कंगारू बल्लेबाज
तास्किन अहमद ने पारी का पहला ओवर फेंका और चौथी गेंद पर ओपनर मैथ्यू शॉर्ट को क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद मुस्ताफिजुर रहमान ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर कूपर कोनोली को आउट किया। रहमान ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मैट रेनशॉ को भी विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच करा दिया।
क्रिकेट इतिहास में ऑस्ट्रेलिया दुनिया की चौथी ऐसी टीम बन गई है, जिसने शून्य के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवाए हैं। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कनाडा, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे की टीमें भी बिना कोई खाता खोले अपने शुरुआती तीन विकेट गंवा चुकी हैं। इन तीनों टीमों की यह बुरी हालत श्रीलंका ने की थी।
मार्नस लाबुशेन और जेवियर बार्टलेट ने संभाली ऑस्ट्रेलियाई पारी
शुरुआती झटकों के बाद स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन और जेवियर बार्टलेट ने शानदार अर्धशतक जमाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ऑलराउंडर जेवियर बार्टलेट ने संकट के समय 48 गेंदों में चार चौकों और दो गगनचुंबी छक्कों की मदद से 52 रनों की एक बेहद महत्वपूर्ण और साहसी पारी खेली।
ताजा खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 42 ओवरों के खेल में 8 विकेट खोकर 187 रन बना लिए हैं। इस समय मैदान पर तेज बारिश के कारण खेल को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। क्रीज पर अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन 55 रन और नाथन ऐलिस 2 रन बनाकर डटे हुए हैं।
Author: Prem Sharma


