यूरोप दौरे पर निकले पीएम मोदी, फ्रांस और स्लोवाकिया के साथ टेक और डिफेंस में मचेगा तहलका

Paris News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। 13 से 18 जून तक चलने वाला यह अहम दौरा भारत की विदेश नीति और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा। इस यात्रा के दौरान रक्षा, निवेश और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे बड़े क्षेत्रों में नए समझौतों की उम्मीद है।

मैक्रों के साथ नीस में होगी द्विपक्षीय बातचीत

पीएम मोदी का पहला पड़ाव फ्रांस का नीस शहर होगा, जहां 14 जून को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी खास द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता फरवरी 2026 में हुए समझौतों की समीक्षा करेंगे। इस बातचीत में इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, क्लीन एनर्जी, स्पेस और यूरोप की मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों पर भी गंभीर चर्चा होने की पूरी संभावना है।

भारत इनवेट्स कार्यक्रम से स्टार्टअप्स को मिलेगा मंच

नीस शहर में दोनों वैश्विक नेता मिलकर ‘Bharat Innovates’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। यह बड़ा इवेंट भारत और फ्रांस के बीच चल रहे ‘Year of Innovation’ का मुख्य आकर्षण है। इसका मकसद भारतीय स्टार्टअप्स को दुनिया के बड़े निवेशकों से जोड़ना है। इसके जरिए भारतीय यूनिवर्सिटी और रिसर्च इकोसिस्टम से निकले नए अविष्कारों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।

स्लोवाकिया की पहली ऐतिहासिक प्रधानमंत्री स्तरीय यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी 14 से 15 जून के बीच स्लोवाकिया के राजकीय दौरे पर रहेंगे। साल 1993 में स्लोवाकिया के एक स्वतंत्र राष्ट्र बनने के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। वहां मोदी प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच ऑटोमोबाइल और रेलवे मैन्युफैक्चरिंग पर ध्यान रहेगा।

भारत और यूरोपीय संघ के रिश्तों में आएगी तेजी

स्लोवाकिया यूरोपीय संघ का एक बेहद अहम सदस्य देश माना जाता है। ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच चल रही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट की बातचीत को एक नई रफ्तार देगी। भारत यूरोपीय देशों के साथ मिलकर सप्लाई चेन, हाई-टेक सेक्टर और ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग में अपनी साझेदारी को मजबूत करना चाहता है।

जी-7 शिखर सम्मेलन में गूंजेगी ग्लोबल साउथ की आवाज

इसके बाद 16 और 17 जून को प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियां शहर में आयोजित हो रहे जी-7 शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। भारत को लगातार आठवीं बार इस समिट में आमंत्रित किया गया है। पीएम मोदी यहां वैश्विक मंच पर भारत का पक्ष रखने के साथ ही एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के विकासशील देशों की आवाज बुलंद करेंगे।

विवाटेक में दुनिया देखेगी भारतीय टेक की ताकत

दौरे के आखिरी पड़ाव में 18 जून को पीएम मोदी पेरिस के मशहूर ‘VivaTech 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यूरोप के इस सबसे बड़े टेक और स्टार्टअप शो में भारत की तरफ से सबसे बड़ा राष्ट्रीय पवेलियन लगाया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री दुनिया की टॉप टेक कंपनियों के सीईओ और बड़े निवेशकों से सीधा संवाद करेंगे।

Author: Pallavi Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories