Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के भीतर छिड़ा आपसी विवाद अब पूरी तरह गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस के ही पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज भारती ने अपनी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
विपक्षी नेता जयराम ठाकुर ने शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सत्ताधारी दल के एक वरिष्ठ नेता द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के ये आरोप अब सिर्फ कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला नहीं रह गए हैं। यह सीधे तौर पर राज्य की जनता की ईमानदारी से जुड़ा बड़ा विषय है।
कांग्रेस नेता के आरोपों से मंचा हड़कंप, विपक्ष आक्रामक हुआ
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता नीरज भारती ने सार्वजनिक रूप से सरकार में “अटैचियों” यानी सूटकेस के लेन-देन की बात कही है। उन्होंने इस संगीन आरोप को गंभीर बताया। विपक्ष का कहना है कि सरकार में चल रहे करप्शन की बातें अब खुलकर सबके सामने आ रही हैं, जिसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा नीरज भारती को कथित तौर पर नशेड़ी बताने पर भी जयराम ठाकुर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के बड़े नेता को ऐसा मानते हैं, तो फिर उनके राज में चल रहे नशा मुक्ति अभियान की हकीकत क्या है? मुख्यमंत्री को इन सभी आरोपों का जवाब जनता को देना चाहिए।
विधायकों और मंत्रियों के वेतन-भत्ते बहाल करने के सरकारी फैसले की भी पूर्व मुख्यमंत्री ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू बिना सोचे-समझे जल्दबाजी में नीतियां बदलते रहते हैं। पूर्व में जब सरकार ने वित्तीय कटौतियां की थीं, तब विपक्ष ने वास्तविक बचत का हिसाब मांगा था, जिसका कोई जवाब नहीं मिला।
केंद्र से मिली भारी वित्तीय मदद पर सरकार मौन क्यों?
जयराम ठाकुर ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश को 3,920 करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक ग्रांट दी है। इस भारी मदद के बावजूद राज्य सरकार ने केंद्र के प्रति आभार तक नहीं जताया। मुख्यमंत्री अब इस पैसे का इस्तेमाल मंत्रियों के वेतन और अपनी गारंटियां पूरी करने में कर रहे हैं।
आगामी पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भी विपक्ष ने सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। बीजेपी समर्थित प्रतिनिधियों को डराने के लिए रातों-रात उनकी जमीनों की पैमाइश करवाई जा रही है। राजनीतिक दबाव बनाकर जनप्रतिनिधियों को जबरन कांग्रेस में शामिल करने की साजिश रची जा रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा बीजेपी में गुटबाजी के दावों को जयराम ठाकुर ने पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकजुट है। चुनावी नतीजों ने कांग्रेस को हकीकत दिखा दी है। सुक्खू पहले संगठन में भी केवल एक गुट के नेता थे और आज मुख्यमंत्री बनकर भी वही कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी की आगामी चुनावी रणनीति का खुलासा किया। पार्टी का मुख्य लक्ष्य प्रदेश के सभी 12 जिलों में अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिला परिषद अध्यक्ष बनाना है। इसके लिए हाईकमान स्तर पर अंतिम मंथन जारी है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति दी जा सके।
Reported By: Sunita Gupta


