प्रयाग संगीत समिति के शताब्दी समारोह में संगीत और नृत्य की अद्भुत प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Prayagraj News: प्रयाग संगीत समिति के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय संगीत सम्मेलन के चौथे दिवस पर शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। देशभर से आए कलाकारों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि पूरा सभागार सुर और लय में डूबा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुरेश शर्मा (निदेशक, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र) ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।

डॉ. सोहनी घोष की गायन प्रस्तुति ने मोहा मन

समारोह काआगाज डॉ. सोहनी घोष ने राग जोग में विलंबित ख्याल ‘हर हर महादेव’ से किया। उन्होंने मध्य लय में ‘साजन मोरे घर आए’ को तीनताल में प्रस्तुत किया। तराना और दादरा ‘छोड़ गए बेदर्दी’ के साथ ‘रंगी सारी गुलाबी चुनरिया रे’ गाकर अपनी प्रस्तुति का समापन किया। तबले पर प्रभाकर दयाल और हारमोनियम पर अपूर्वा ने शानदार संगत दी। उनकी गायकी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मलिक बंधु और कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति

मलिक बंधु-प्रशांत मलिक और निशांत मलिक ने राग कौशिक कान्हड़ा में धमार ‘कौन खेले होली तुमसे कन्हाई’ प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। विदुषी प्रीति श्रीवास्तव ने शिव स्तुति ‘शंकर भोले भाले’ से कथक नृत्य की शुरुआत की। ठुमरी ‘साजन मोरे घर आए’ पर उन्होंने समूह के साथ भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। तबले पर रुद्राक्ष श्रीवास्तव, हारमोनियम पर आनंद मिश्रा, सरोद पर मुकेश शर्मा और बांसुरी पर प्रवर टंडन ने संगत दी।

समारोह में गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर समितिके सचिव अरुण कुमार, उपाध्यक्ष हर्षित कुमार, नीरज कुमार, रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार, लेखाधिकारी राकेश कुमार, अपर निदेशक अजय कुमार, सहायक निदेशक प्रभाकर दयाल, महेश्वर दयाल, बनवारी लाल, नवीन कुमार, रागिनी श्रीवास्तव, छगनलाल, सुनील मिश्रा, आईना बोस, प्रभाती चटर्जी, प्रीति दास, पूजा अग्रवाल और नीतू मालवीय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नवीन सिन्हा ने किया। समूह में पूनम नेगी, प्राची जोशी, रितिका, प्रज्ञा और दृष्टि सहित अन्य कलाकारों ने सहभागिता की।

Hot this week

Bengal Politics: शुभेंदु सरकार का ऐतिहासिक फैसला, धर्म आधारित योजनाएं और OBC लिस्ट रद्द

Kolkata News: पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट ने...

Related Articles

Popular Categories